रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि युवाओं के विकास के लिए युवा आयोग का गठन करते हुए युवा नीति बनायी जायेगी। मुख्यमंत्री उद्यमी विकास मंडल के तहत उद्यमी युवा मंडलों एवं उद्यमी सखी मंडलों का गठन किया जायेगा। एक मंडल में 15 सदस्य होंगे। झारखंड में 2018 तक लगभग 30 लाख शौचालयों का निर्माण होगा। झारखंड खुले में शौच से मुक्त राज्य होगा। पंचायत सचिवालयों के स्वयंसेवकों को विधवा, भूमिहीन, अनाथ आदि के सर्वेक्षण का दायित्व दिया जा रहा है। इनका सहारा रघुवर का दास होगा। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने गुरुवार को चंदवे, रांची में राष्ट्रीय युवा विकास संघ द्वारा आयोजित युवा विकास महोत्सव में कहीं।
गरीबों के नाम पर राजनीति गलत
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। कुछ स्वार्थी तत्वों ने झारखंड बनने के बाद इसे लूटा। इससे गरीबी बढ़ी और समस्याएं बढ़ी हैं। आगामी तीन वर्षों में गरीबी दूर करनी है। 2017-18 का बजट गरीबों का बजट होगा, गरीब कल्याण वर्ष का बजट होगा। बीमा योजना, पेंशन योजना, जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना आदि गरीबों के हित के लिए ही बनायी गयी हैं।
हमें अपनी माटी की सेवा करनी चाहिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत ही नहीं दुनिया के लिए मानवता का संदेश देनेवाले महापुरुष स्वामी विवेकानंद का जन्मदिन है। उन्होंने मानव सेवा को सबसे बड़ा धर्म बताया। और यही धर्म सनातन काल से भारत में स्थापित है। उन्होंने कहा कि हमें भी अपनी माटी की सेवा करनी चाहिए। इस माटी की सेवा के लिए ही सरकार लोगों के बीच जा रही है, उनसे संवाद स्थापित कर रही है।
युवा शक्ति ही राष्ट्र शक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति ही भारत की शक्ति है। युवा में उमंग है, उत्साह है। इसे समाज, राज्य एवं राष्ट्र के निर्माण में लगाना है। उन्होंने समस्त झारखंडवासियों को स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर शुभकामनाएं दीं। सोहराय, मकर संक्रांति एवं टुसू पर्व की भी शुभकामनाएं देते हुए राज्य की समृद्धि की कामना की। महोत्सव में मुख्यमंत्री ने उज्ज्वला स्कीम के तहत लाभुकों को गैस कनेक्शन दिया। उन्होंने हस्तशिल्प प्रदर्शनी भी देखी एवं वृद्धजनों से बात भी की। यहां आयोजित अब्दुल रज्जाक अंसारी स्पोर्ट्स क्लब इरबा एवं एजी झारखंड रांची टीम के बीच आयोजित फाइनल मैच भी देखा। इस अवसर पर सांसद रामटहल चौधरी, विधायक डॉ जीतू चरण राम एवं राम कुमार पाहन, आदित्य साहू, इंडियन आॅयल कॉरपोरेशन के जेनरल मैनेजर राकेश सरोज, एसबीआइ के ब्रांच मैनेजर ज्योति लाल, जन-प्रतिनिधिगण, राष्ट्रीय युवा विकास संघ के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।