रण में उतरने के लिए तीन केटेगरी की सेना तैयार
भाजपा की नीति और सिद्धांत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पार्टी की नयी सेना तैयार है। एसएमएस के जरिये पार्टी की दर पर दस्तक दे चुके 45 लाख युवाओं को इस काम में लगाया जाना है। इसमें तीन तरह से पार्टी में कार्यकर्ताओं की सेवा ली जायेगी। एक साल, छह महीने और 15 दिन। बाकायदा इन्हें रण में उतारने के पहले पूरी ट्रेनिंग दी जायेगी। 15 दिन के लिए पार्टी से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं को जिला स्तर पर ट्रेनिंग दी जायेगी। इन्हें एक रात और दो दिन की ट्रेनिंग मिलेगी। छह महीने और साल भर के कार्यक्रम के लिए पार्टी से जुड़ने वाले कार्यकर्ताओं को दो रात और 3 दिन की ट्रेनिंग राज्य स्तर पर दी जायेगी।
युवा जोश का साथ मिलने से भाजपा खिली
कार्यसमिति की बैठक में झारखंड के पढ़े-लिखे युवाओं का साथ मिलने के बाद पार्टी के नेताओं और पदाधिकारियों के चेहरे पर खुशी देखते बन रही थी। बैठक में पार्टी के नेताओं ने माना कि यह युवा पार्टी की नीति और सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार में अहम रोल निभा सकते हैं। बस इसके लिए जरूरी है कि इन्हें सही ट्रेनिंग और उचित मार्गदर्शन दिया जाये। कारण ये वैसे युवाओं की फौज है जिन्हें पाटी की नीति और सिद्धांतों की बारीक जानकारी नहीं है। बैठक में युवा पदाधिकारियों ने ट्रेनिंग पर बल दिया। विधायक नवीन जयसवाल ने ट्रेनिंग का पूरा रोडमैप नेताओं के सामने रखा। बताया कि कैसे 15 दिन, छह महीना और साल भर के लिए जुड़े युवाओं को निखारा जा सकता है। नवीन जयसवाल की बातों पर मुख्यमंत्री रघुवर दास, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, प्रदेश सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह और अर्जुन मुंडा समेत लगभग सभी नेता सहमत नजर आये।
फरवरी से होगा प्रशिक्षण
पार्टी के लिए जुड़ने वाले नये कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण फरवरी से शुरू होगा। इस बात पर कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों ने मुहर लगायी। सबने माना कि युवा जोश और अनुभव के सहारे भाजपा अपनी सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी सोच को धरातल पर उतार सकती है। इन्हें पाटी के वरिष्ठ नेता भाजपा के नीतियों और सिद्धांतों की जानकारी देंगे। संगठन को मंडल और बूथ स्तर पर मजबूत करने की रणनीति से अवगत करायेंगे।
Previous Articleकहा, बहुत तोड़ दिया अब तोड़ने नहीं देंगे
Next Article सपा का नाम और निशान नहीं बदलने देंगे:मुलायम
Related Posts
Add A Comment