रांची। दिशोम गुरु शिबू सोरेन शनिवार को 76 साल के हो गये। जन्मदिन के मौके पर उन्होंने रांची के मोरहाबादी स्थित अपने आवास पर केक काटा। इस दौरान उनके पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन सहित परिवार और पार्टी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस दौरान काफी संख्या में बच्चे भी उपस्थित रहे। इससे पूर्व मोरहाबादी मैदान के आवास पर सुबह से ही लोगों का आना लगा रहा। लोगों ने शिबू सोरेन से मिलकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामना दी और उनकी लंबी उम्र की कामना की। इस दौरान मंत्री आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव, झामुमो नेता स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, विनोद पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, मुश्ताक आलम, कांग्रेसी राजेश ठाकुर, आलोक दुबे समेत अन्य ने बधाई दी।
शिबू के सपनों का झारखंड बनायेंगे : हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड अलग राज्य दिलाने में अग्रणी भूमिका निभाने वाले दिशोम गुरु एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को नमन करते हुए उन्हें उनके जन्मदिन पर ढेर सारी शुभकामनाएं देता हूं। बतौर मुख्यमंत्री यह विश्वास दिलाता हूं कि उनके सपनों के झारखंड का निर्माण हम करेंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने जल, जंगल, जमीन, आदिवासियों, पिछड़ों, वंचितों, दलितों और झारखंड वासियों के कल्याण के लिए, उनकी समृद्धि के लिए अपनी आवाज को बुलंद की थी, जिसके परिणाम स्वरूप झारखंड अलग राज्य के रूप में मिला। उन्होंने कहा कि झारखंड के सतत विकास में उनका मार्गदर्शन मुझे प्राप्त होता रहेगा। जिस उद्देश्य से झारखंड अलग राज्य की स्थापना हुई, उस उद्देश्य को अवश्य प्राप्त कर सकेंगे। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि समस्त झारखंडवासियों की ओर से उनके बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की कामना भी करता हूं।
रघुवर ने दी शुभकामना
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी दिशोम गुरु को जन्मदिन की शुभकामना दी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामना। ईश्वर से आपके स्वस्थ एवं दीर्घायु होने की कामना करता हूं।