बरही की बारसोत पंचायत के बिरहोर टोला की घटना, आरोपी खलील मियां गिरफ्तार
प्रभाकर पाठक
बरही (आजाद सिपाही)। आये दिन इस क्षेत्र में धर्म परिवर्तन का मामला तूल पकड़ रहा है। पुलिसिया कार्रवाई के बावजूद जबरदस्ती धर्म परिवर्तन करनेवालों का मनोबल दिनोंदिन बढ़ता जा रहा है। इसी तरह की घटना शुक्रवार को हजारीबाग जिले के बरियाठ्ठा बिरहोर टोला में घटी है। यहां के तेरह घरों के तकरीबन पचास लोगों को अंधकार में रख कर, शराब पिला कर उनका धर्म परिवर्तन कराया गया है। धोखे से मांस के नाम पर उन्हें गोमांस खिलाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरही थाना क्षेत्र की बारसोत पंचायत के बरियाठ्ठा बिरहोर टोला में शुक्रवार की रात को पहले गो हत्या की गयी। गोहत्या करने के बाद बिरहोर परिवार को शराब पिला कर नशे की हालत में प्रलोभन देकर गौमांस खाने पर मजबूर किया गया। दुलमाहा निवासी खलील मियां और एक और व्यक्ति के द्वारा एक सीधे साधे विलुप्त जाधिस बिरहोर जनजाति समुदाय को धर्म परिवर्तन की मंशा से यह घृणित कार्य करवाया गया है। यह मामला तब उजागर हुआ, जब उसी बिरोहर टोला के मनोज बिरहोर ने विहिप के जिला सह मंत्री गुरुदेव गुप्ता और पंचायत के मुखिया मोतीलाल चौधरी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद गुरुदेव गुप्ता ने तुरंत बरही पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी ललित कुमार अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राजेश बिरहोर के घर के अंदर कमरे में मिट्टी की फर्श की खुदाई की। यहां गो मांस, हड्डी, चमड़ा वगैरह का अवशेष पाया गया। पुलिस ने उसमें से कुछ अवशेष जांच के लिए रख लिया, जबकि बाकी को जला दिया। पुलिस इंस्पेक्टर ललित कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपी खलील मियां को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस घटना में शामिल अन्य लोगों की शिनाख्त की जा रही है। उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी।
इस घटना को लेकर हिंदू संगठनों में आक्रोश भी देखा जा रहा है। इस क्षेत्र में आये दिन जबरदस्ती और धोखे से कराये जा रहे धर्मपरितर्वन के खिलाफ एक बड़े आंदोलन की पृष्ठभूमि तैयार हो रही है। घटना की सूचना देनेवाले मनोज बिरहोर ने बताया कि खलील मियां और अन्य मुझे जाति सूचक एवं अभद्र भाषा का प्रयोग कर प्रताड़ित कर रहे हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खलील मियां शराब का व्यवसाय भी करता है। क्षेत्र में उसका दबदबा है। विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री गुरुदेव गुप्ता ने बताया कि बिरहोर परिवार की पूजा-पाठ यज्ञ करवा धर्म वापसी करायी जायेगी।
मनोज बिरहोर ने लिखा
घटना के संबंध में बिरहोर टोला निवासी मनोज बिरहोर ने बरही थाना में आवेदन देते हुए बताया था कि शुक्रवार को खलील मियां एक व्यक्ति के साथ एक गाय लेकर उनके टोला में आये थे। गाय को राजेश बिरहोर के घर बांधा गया। यह एलान कराया गया कि भोजन और दारू उसकी ओर से रहेगा। इसके बाद रात में खलील मियां ने बिरहोर टोला के लोगों को जम कर दारू पिलायी और खाने के लिए भात के साथ मांस भी परोस दिया। मांस का टुकड़ा देख कर गांव के लोग भड़क गये। इन्हें बाद में धमकाया गया। आवेदन में मनोज बिरहोर ने लिखा है कि घटना में हम सब (बिरहोर टोला वासी) काफी डर गये। दूसरे दिन समाज के अन्य गणमान्य लोगों को इसकी जानकारी दी। अब सोमवार को यह सूचना पुलिस तक पहुंची है। उसने लिखा है कि खलील मियां और उसके सहयोगियों द्वारा गो मांस खिला कर हमारा धर्म नष्ट करा दिया गया। नये साल की पार्टी देने के नाम पर धोखा दिया गया है। उसने खलील मियां पर जातिसूचक गाली देने और लपड़-झपड़ करने का आरोप लगाया है।
मनोज बिरहोर होगा पुरस्कृत
विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री गुरुदेव गुप्ता ने बताया कि बिरहोर टोला में जल्द ही पूजा-पाठ यज्ञ कराया जायेगा। हिम्मत दिखा कर सूचना देनेवाले मनोज बिरहोर को विपिह सम्मानित भी करेगा। विहिप के चंदन केशरी, सिकंदर कुमार, प्रदीप कुमार कुशवाहा, सुनील कुशवाहा, बजरंग दल के अरविंद कुमार बिरहोर टाला का दौरा कर चुके हैं।