समाजवादी पार्टी व कांग्रेस गठबंधन के बाद अब राहुल गांधी व अखिलेश यादव का संयुक्त प्रचार अभियान अब जोर पकड़ने लगा है। लखनऊ में कामयाब रोड शो के बाद ये दोनों युवा व अपने अपने दलों के शीर्ष स्टार प्रचारक 3 फरवरी यानी आज आगरा में रोड शो कर रहे हैं। दोनों के इस रोड शो में भारी भीड़ भी जुटी है। राहुल-अखिलेश दोनों विजय बस की छत पर सवार हैं। बस की छत पर ही एसपीजी के जवान भी मौजूद हैं। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की टीम ने ही इस रोड शो का भी रोड मैप तैयार किया है।
बता दें कि इसके बाद पांच फरवरी को कानपुर में संयुक्त रैली की तैयारी है। अखिलेश व राहुल गांधी कानपुर में दोनों दलों के कार्यक्रमों से तैयार न्यूनतम साझा कार्यक्रम भी जारी कर सकते हैं।
गठबंधन की सरकार बनने पर इसी आधार पर योजनाएं लागू की जाएंगी।
कांग्रेस के चुनाव प्रबंधक प्रशांत किशोर की तरफ से तैयार रोड मैप के अनुसार आगरा में यह रोड शो दोपहर में दयालबाग इंजीनियरिंग कॉलेज से शुरू होगा। राहुल गांधी व अखिलेश यादव एक वाहन में सवार होकर रोड शो में शामिल होंगे।
भगवान टाकीज, दीवानी चौराहा, सुर सदन, सेंट पीटर्स कॉलेज, हरी पर्वत चौराहा, आगरा कॉलेज व छिपीटोला मोड़ होते हुए छिपीटोला चौराहे पर जाकर समाप्त होगा।
आगरा के बाद पांच फरवरी को कानपुर में रोड शो होगा। वैसे कानपुर में रोड शो पर सुरक्षा कारणों से एसपीजी की तरफ से आपत्ति किए जाने की बात सामने आ रही है। ऐसे में संभव है कि कानपुर में रोड शो की जगह सपा व कांग्रेस की साझा सभा हो, जिसे अखिलेश यादव व राहुल गांधी संबोधित करेंगे। कानपुर में ही दोनों दलों का साझा न्यूनतम कार्यक्रम भी जारी किया जाएगा। इसमें दोनों दलों की घोषणाओं को शामिल किया जाएगा।
माना जा रहा है कि कांग्रेस अपने उपाध्यक्ष राहुल गांधी की किसान यात्रा के दौरान उठाए गए मुद्दों को इसमें शामिल करा सकती है। इसमें किसानों का कर्ज माफ करने और बिजली बिल का बकाया आधा माफ करने का वायदा शामिल हो सकता है।