रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्राथमिक स्कूलों में सहायक आचार्य भर्ती परीक्षा 2023 के प्रथम चरण का संशोधित परिणाम (Revised Result) जारी कर दिया है। यह कदम स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के निर्देशों और सुप्रीम कोर्ट के एक महत्वपूर्ण फैसले के आलोक में उठाया गया है।
आरक्षण के नियमों में बड़ा फेरबदल सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार, अब उन अभ्यर्थियों को अनारक्षित (General) श्रेणी की सीट नहीं मिलेगी, जिन्होंने पात्रता परीक्षा के दौरान आरक्षित वर्ग (OBC/SC/ST) के तहत कम अंक या उम्र सीमा में छूट का लाभ लिया है। ऐसे उम्मीदवारों को अब उनकी मूल आरक्षित श्रेणी में ही स्थानांतरित कर दिया गया है। इसी कानूनी पेच के कारण JSSC को मेरिट लिस्ट में बदलाव करना पड़ा है।
इन विषयों और जिलों का आया रिजल्ट संशोधित परिणाम मुख्य रूप से स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) के लिए जारी किया गया है। इसमें निम्नलिखित विषय शामिल हैं:
गणित एवं विज्ञान
सामाजिक विज्ञान
भाषा विषय
यह सुधार चतरा, देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा और गुमला जैसे प्रमुख जिलों के परिणामों में किया गया है। अभ्यर्थी अपना रोल नंबर और विस्तृत परिणाम JSSC की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी तकनीकी या टाइपिंग त्रुटि होने पर सुधार का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।

