संवाददाता
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची स्थित मिनाक्षी सिनेमा हॉल में नागपुरी फीचर फिल्म तोर बीन के प्रीमियर शो का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्थानीय भाषा में फिल्में बनने से यहां के लोक कलाकारों को अवसर मिलेगा। उनकी प्रतिभा प्रदर्शित होगी। वे प्रोत्साहित होंगे। इससे राज्य में टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा।
संभावनाओं से भरा प्रदेश है झारखंड
सीएम ने कहा कि झारखंड प्रदेश संभावनाओं से भरा प्रदेश है। यह विविधताओं से भरा प्रदेश है। यहां की गौरवशाली परंपरा, भव्य संस्कृति, कौमी एकता, प्रकृति के प्रति लोगों का प्रेम आदि से देश-दुनिया के लोग फिल्मों के माध्यम से अवगत हो सकेंगे। यहां के प्राकृतिक सौंदर्य, सहज जीवनशैली से भी अन्य प्रदेश के लोग परिचित होंगे तथा जान सकेंगे कि प्रकृति और संस्कृति के बीच कैसे एकात्म स्थापित किया जा सकता है।
पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा
सीएम रघुवर दास ने कहा कि झारखंड को प्रकृति ने अपने हाथों से संवारा है। फिल्म शूटिंग के लिए यहां पुरातात्विक, ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक महत्व के अनेक स्थल हैं। फिल्मों के बनने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा एवं लोगों को रोजगार भी। कलाकरों को फिल्म बनाने में सुविधा हो, इसलिए फिल्म नीति बनायी गयी है। फिल्म सिटी का भी निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने दर्शकों के बीच बैठकर फिल्म के दृश्यों को भी देखा, जिसमें बिरसा कृषि विश्वविद्यालय एवं पतरातू घाटी के दृश्यों को दिखाया गया है। इस अवसर पर फूलचंद तिर्की, बब्लू मुंडा, विश्वास उरांव, मेघा उरांव, शोभा उरांव समेत फिल्म निर्माण से जुड़े सभी कलाकार, निर्माता, निर्देशक इत्यादि उपस्थित थे।
Previous Articleप्रतुल ने दी त्रिवेंद्र सिंह रावत को बधाई
Next Article झारखंड में झामुमो का अब कोई औचित्य नहीं
Related Posts
Add A Comment