पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के जुगसलाई नगर परिषद में सोमवार को नए बोर्ड का औपचारिक गठन हो गया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नौशीन खान ने अपने पद की शपथ लेकर आधिकारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया। जमशेदपुर प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर में सुबह करीब 10 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में अध्यक्ष के साथ नगर परिषद के सभी 22 वार्ड सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
समारोह में जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अध्यक्ष नौशीन खान और सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी रही। शपथ ग्रहण के साथ ही जुगसलाई नगर परिषद का नया बोर्ड आधिकारिक रूप से अस्तित्व में आ गया।
शपथ लेने के बाद अध्यक्ष नौशीन खान और पार्षदों ने नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और लंबे समय से लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का संकल्प लिया। उन्होंने साफ कहा कि क्षेत्र के लोगों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए टीम मिलकर काम करेगी।
वहीं शपथ ग्रहण के बाद अब नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भी उत्सुकता बढ़ गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपाध्यक्ष का चयन निर्वाचित वार्ड सदस्यों के बीच से ही किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार आज शाम चार बजे तक उपाध्यक्ष पद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय नागरिकों में नए बोर्ड के गठन को लेकर काफी उत्साह देखा गया और लोगों को उम्मीद है कि अब क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

