अमेरिका को परमाणु युद्ध की धमकी दे चुका उत्तर कोरिया एक बार फिर परमाणु परीक्षण करने को तैयार है। निगरानी समूह ’38 नॉर्थ’ ने एक रिपोर्ट में यह दावा किया है।
प्योंगयांग से संबंधित विश्लेषण करने वाले इस समूह की वेबसाइट के अनुसार, उत्तर कोरिया के पुंग्ये री परमाणु परीक्षण स्थल पर लगातार गतिविधियां हो रही हैं। उसके मुख्य प्रशासनिक क्षेत्र में नई गतिविधियां हो रही हैं। परीक्षण स्थल कमांड सेंटर के ईदगिर्द कुछ अधिकारी नजर आ रहे हैं।
निगरानी समूह ने ये बातें पुंग्ये री परमाणु परीक्षण स्थल की 12 अप्रैल से ली गई व्यावसायिक उपग्रहीय तस्वीरों के आधार पर कही हैं। अटकलें हैं कि उत्तर कोरिया अपने संस्थापक किम इल सुंग की 105वीं जयंती के मौके पर शनिवार को एक और परमाणु परीक्षण कर सकता है। यदि ऐसा होता है तो यह उसका छठा परीक्षण होगा।
अमेरिकी सरकार और अन्य सूत्रों के हवाले से एक अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट में बुधवार को कहा गया कि उत्तर कोरिया ने परमाणु उपकरण तैनात कर दिया है और शनिवार सुबह वह उसे दाग सकता है। उत्तर कोरिया द्वारा किए गए कई मिसाइल परीक्षणों ने अमेरिका की चिंता बढ़ा दी है।
अंदेशा है कि प्योंगयांग जल्द ही अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल विकसित कर सकता है जो परमाणु आयुध को अमेरिका की धरती तक भेजने में सक्षम होगा।
चीन से मदद की उम्मीद : अमेरिका
अमेरिका उत्तर कोरिया की धमकी से निपटने में चीन का सहयोग लेना चाहता है। इसके लिए उसने चीन को अच्छे कारोबारी समझौते की पेशकश की है।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और हमारे बीच अच्छे समीकरण हैं। मुझे लगता है कि उत्तर कोरिया के मामले में वह हमारी मदद करना चाहते हैं। ट्रंप ने शी के साथ हाल में फोन पर हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा, मैंने कहा कि जिस तरह से आप एक अच्छा कारोबारी समझौता करने जा रहे हैं, वह उत्तर कोरिया के मामले में हमारी मदद करेगा। यह भी ठीक रहेगा।
उन्होंने कहा, लेकिन अगर चीन मदद नहीं करने का निर्णय करता है तो अमेरिका इसे अकेले करेगा। इसे अकेले करने का मतलब इसे अन्य देशों के साथ मिलकर करना है।
सैन्य बल से नहीं सुधरेगी स्थिति : चीन
बीजिंग। चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने गुरुवार को कहा कि सैन्य बल कोरियाई प्रायद्वीप की स्थिति में सुधार नहीं कर सकते। उन्होंने उम्मीद जताई कि मौजूदा तनाव के बीच बातचीत से इस मसले का हल निकाला जा सकता है।
चीन ने यह बात ऐसे समय कही है जब उत्तर कोरिया के संभावित परमाणु परीक्षण के मद्देनजर क्षेत्र में तनाव बढ़ने की आशंका है। ऐसे किसी परीक्षण के जवाब में अमेरिकी सेना उत्तर कोरिया के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
इस बीच दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री युन ब्युंगसे ने गुरुवार को कहा कि उन्हें भरोसा है कि अमेरिका उत्तर कोरिया के खिलाफ कोई हमला करने से पहले सोल के साथ विचार-विमर्श जरूर करेगा।



