रांची। झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की सेहत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें मंगलवार सुबह रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरूआती जानकारी के अनुसार, डॉक्टरों ने उन्हें लू लगने की आशंका जताई है।
चुनाव प्रचार से लौटने के बाद बिगड़ी हालत
मिली जानकारी के अनुसार, मंत्री राधाकृष्ण किशोर हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार कर लौटे थे। सोमवार को जब वे झारखंड के मेदिनीनगर पहुंचे, तभी से उन्हें अस्वस्थ महसूस हो रहा था। सोमवार शाम को वे पलामू से रांची वापस आए, लेकिन रात के दौरान उनकी स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने जाना हालचाल
वित्त मंत्री के बीमार होने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तत्काल सेंटेविटा अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वहां इलाज कर रहे डॉक्टरों से चर्चा की और मंत्री के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने राधाकृष्ण किशोर के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
विशेषज्ञों की टीम कर रही निगरानी
मंत्री के स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक टीम तैनात की गई है। उनके शरीर की स्थिति समझने के लिए आवश्यक मेडिकल टेस्ट और जांचें की जा रही हैं। फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर है, हालांकि अस्पताल की ओर से कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन अभी जारी नहीं किया गया है।

