मुंबई । वंदेभारत अभियान के तहत अब तक 30 फ्लाइटस से 19 देशों से 4013 नागरिकों को महाराष्ट्र लाया गया है। इन सभी को एकांतवास में रखा गया है। विदेश से महाराष्ट्र आने वाले नागरिकों में 1309 नागरिक मुंबई के हैं। महाराष्ट्र के अन्य इलाकों के 1691 नागरिक हैं और 1013 नागरिक अन्य राज्यों के हैं।
वंदे भारत अभियान के तहत ब्रिटेन, सिंगापुर,फिलीपाईन्स, अमेरिका, बांगलादेश, मलेशिया, कुवेत, इथियोपिया, अफगानिस्तान, ओमान, दक्षिण अफ्रीका, इंडोनेशिया, नेदरलैंड, जापान, श्रीलंका, म्यांमार, तंजानिया, स्पेन, आयरलैंड देशों में लॉकडाउन में फंसे लोगों को महाराष्ट्र लाया गया है।
अभियान के अंतर्गत एअर इंडिया ने 30 जून, 2020 तक 38 फ्लाइटस से विदेश में फंसे नागरिकों को महाराष्ट्र लाने का सुनिश्चित किया है। इसके तहत अमेरिका, रशिया, मध्य एशिया, युरोप और खाड़ी के देशों से नागरिकों को महाराष्ट्र लाया जाएगा। दोहा से आगामी सात दिनों में 3 चार्टर विमान से खाड़ी देशों में फंसे भारतीय नागरिकों को महाराष्ट्र लाया जाएगा। इसी तरह ऑस्ट्रेलिया से वंदे भारत अभियान के अंतर्गत फ्लाइट उपलब्ध करवाने की मांग विदेश मंत्रालय से की गई है। विदेश से यहां आने वाले नागरिकों को मुंबई में ही होटल में एकांतवास में रखा जा रहा है। इसके बाद इन सभी को उनके घर भेजे जाने की व्यवस्था राज्य सरकार की ओर से की जा रही है।