सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले में सक्रिय नक्सली महाराज प्रमाणिक दस्ते में शामिल रहे नक्सली राकेश मुंडा उर्फ सुखराम मुंडा और महिला नक्सली चांदनी ने जिले के एसपी मोहम्मद अर्शी के सामने सरेंडर कर दिया। दोनों कुचाई दस्ते के हैं और प्रेमी और प्रेमिका बताये जाते हैं। उन्होंने बताया कि हथियार छोड़ दोनों दस्ते से भाग निकले और सरेंडर कर दिया। इसकी जानकारी देते हुए एसपी ने बताया कि झारखंड सरकार की सरेंडर नीति के तहत दोनों को पहली किस्त एक-एक लाख नगद दिया गया है। बाकी दो किस्त बाद में दी जायेगी। चार डिसमिल जमीन, पांच लाख का बीमा और बच्चों की पढ़ाई के लिए वार्षिक 40 हजार रुपये दिये जायेंगे। राकेश मुंडा पर दो लाख रुपये का इनाम था। वह कुचाई थाना के कुदादिह और चांदनी खरसावां के रायजमा निवासी है। राकेश मुंडा के खिलाफ नक्सली हिंसा के पांच और चांदनी पर एक मामला दर्ज है।
महाराज प्रमाणिक चांदनी को उसके घर से उठा ले गया था: एसपी ने बताया कि राकेश मुंडा और चांदनी एक ही दस्ते में शामिल थे। दोनों के बीच प्यार पनपा। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन दस्ते के सदस्य इसकी अनुमति नहीं दे रहे थे। इस कारण दोनों मौका पाकर भाग निकले और सरेंडर कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ वर्षों पहले महाराज प्रमाणिक चांदनी को उसके गांव रायजमा से उठा ले गया था और उसे दस्ते में शामिल कर लिया था।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

