बेगूसराय। महानगर जिला जदयू की बैठक रतनपुर धर्मशाला में महानगर जिलाध्यक्ष संजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि मुंगेर प्रमंडल के कार्यक्रम प्रभारी मुकेश विद्यार्थी भी उपस्थित थे।

बैठक को संबोधित करते हुए महानगर जिलाध्यक्ष और पूर्व महापौर संजय कुमार ने कहा कि 2024 के चुनाव में मोदी सरकार को देश की गद्दी से उतार देना है। देश में महंगाई चरम सीमा पर है। देश के किसान बेहाल हैं, सरकार युवाओं के साथ अन्याय कर रही है। 15 जून को बेगूसराय के सभी प्रखंड मुख्यालय पर महागठबंधन के द्वारा धरना प्रदर्शन कर देश के तानाशाह, संविधान विरोधी और जुमला पार्टी का पर्दाफाश किया जाएगा। महानगर जदयू भी इसमें जोश-खरोश से हिस्सा लेगी।

प्रमंडल कार्यक्रम प्रभारी मुकेश विद्यार्थी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दस से 20 जून तक सभी सेक्टर अध्यक्ष एवं सेक्टर प्रभारी के बीच बैठक करनी है। 20 से 30 जून तक सभी वार्ड अध्यक्षों के बीच बैठक करनी है। बैठक में पर्चा वितरण कर केंद्र सरकार के द्वारा किए गए कार्यों का पर्दाफाश किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर पिंकी देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विकास पुरुष हैं। इन्होंने बिहार में विकास किया, अब देश में विकास करेंगे। केंद्र सरकार सिर्फ जातिवाद, धर्मवाद, हिंसावाद की सरकार है। इसे विकास एवं रोजगार से कोई लेना देना नहीं है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version