खूंटी। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में शनिवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, संजय साहू, बिनोद नाग, कंचन सिंह, विजय गंझू सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में योग अभ्यास के साथ-साथ इसके महत्व पर भी चर्चा की गई। पूर्व मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि “योग करें, निरोग रहें” यह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है। इस वर्ष योग दिवस का विषय “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” है, जो इस विचार को उजागर करता है कि व्यक्तिगत स्वास्थ्य और पृथ्वी का स्वास्थ्य परस्पर जुड़ा हुआ है। नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि योग शरीर को मजबूत बनाता है, मन को शांत करता है और व्यक्ति के अंदर जिम्मेदारी तथा जागरूकता की भावना को जगाता है। जब हम अपने शरीर और मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल करते हैं, तो हम अपने पर्यावरण और पूरे ग्रह की रक्षा के लिए भी सजग हो जाते हैं।
यह भारतीय संस्कृति में निहित “वसुधैव कुटुम्बकम” के विचार को साकार करता है। यानी पूरी दुनिया एक परिवार है। इस मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर लोगों को भी इसे अपनाने का संदेश दिया। योग दिवस का यह आयोजन अनुशासन, एकता और स्वस्थ जीवन के प्रति संकल्प का प्रतीक बना।