किशनगंज। किशनगंज पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। 1 जून से 7 जून 2026 तक चले इस सघन अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर कुल 47 वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब कारोबार, पशु तस्करी और वाहन चोरी जैसी गंभीर वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया गया।
मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में पुलिस ने 766.99 ग्राम ब्राउन शुगर/स्मैक/हेरोइन बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये है। इसके अलावा 437.460 लीटर विदेशी शराब और 5 लीटर देशी शराब भी जब्त की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 2 लाख 38 हजार रुपये की शमन राशि वसूली गई। अभियान के दौरान दो कार, दो मवेशी, दो चोरी की मोटरसाइकिलें और 28 मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने 52,468 रुपये भारतीय मुद्रा, 1 लाख 53 हजार 255 रुपये नेपाली मुद्रा, एक जोड़ी चांदी का पायल, एक चांदी की सिकड़ी और नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल होने वाले चार इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए। एसपी संतोष कुमार ने मंगलवार को कहा कि अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा है, जबकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है।

