कांग्रेस सांसद रिपुन बोरा बढ़ती तेल की कीमतों के विरोध में गुरुवार को सदन की कार्यवाही में भाग लेने के लिए साइकिल से संसद पहुंचे।
राज्यसभा सांसद बोरा पेट्रालियम पदार्थों समेत अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में साइकिल से संसद पहुंचे। उन्होंने अपने गले मे विरोध स्वरूप बैनर लटका रखा था जिसपर पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में नारे लिखे थे।
रिपुन बोरा असम से राज्यसभा के सदस्य हैं। वह असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं। बीते बुधवार को उन्होंने असम-मिजोरम सीमा विवाद के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिख कर मामले को सुलझाने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की थी।
शाह को लिखे पत्र में कांग्रेस सांसद ने कहा कि दोनों राज्यों के सीमा विवाद को सुलझाने के लिए इससे जुड़े सभी पक्षों के साथ बैठक कर समाधान निकालने का प्रयास करना चाहिए।