रांची । भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य सरकार में मंत्री रामेश्वर उरांव के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रकाश ने सोमवार को कहा कि कांग्रेस जनता को बरगलाने में माहिर है। राम के अस्तित्व को ही नकारने वाली पार्टी को अयोध्या के रामलला अब याद आने लगे। भाजपा से पूछने के बजाए हिम्मत है तो रामेश्वर उरांव ही बताएं कि झारखंड में ऑक्सीजन के अभाव में कितने लोगों की जान गई है। उन्होंने उरांव के उस बयान को हास्यास्पद बताया जिसमे उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को मौत पर मुआवजा देना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि उरांव को केंद्र सरकार के प्रति इतनी सहानुभूति कब से हो गई। उन्हें केंद्र सरकार की चिंता छोड़ यह बताना चाहिये कि आखिर ऑक्सीजन के अभाव में कितने लोग मरे। जनता को सच्चाई जानने का अधिकार है।