रांची। राज्यपाल रमेश बैस शनिवार को रिम्स पहुंचे। वे रिम्स में बेड़ो निवासी पद्मश्री जलपुरुष सिमोन उरांव से मिलने पहुंचे थे। सिमोन उरांव को लकवा की शिकायत के बाद शुक्रवार को रिम्स में भर्ती किया गया है। राज्यपाल ने सिमोन का हाथ थाम कर उन्हें अपनी उपस्थिति का एहसास दिलाया। राज्यपाल ने कहा कि आप जल्द स्वस्थ होंगे। साथ ही उनके परिजनों से इलाज की व्यवस्था को लेकर जानकारी ली।
अस्पताल के साइकोलॉजी विभाग के दूसरे तल्ले पर स्थित न्यूरोलॉजी वार्ड में उनका इलाज डॉ गोविंद माधव की देखरेख में चल रहा है। पद्मश्री सिमोन उरांव का इलाज कर रहे न्यूरोलॉजी विभाग के डॉ गोविंद माधव ने कहा कि चक्कर आने के बाद उनकी आवाज लड़खड़ाने लगी थी। वह बोल भी नहीं पा रहे थे। उनका दाहिना हाथ और दाहिना पैर कमजोर हो कर काम करना बंद कर दिया था। यह समस्या बीपी बढ़ने के कारण हुई। ब्रेन में ब्लड क्लॉट कर गया था। इस कारण ब्रेन स्ट्रोक की समस्या हुई। उन्होंने कहा कि सिटी स्कैन कराने के बाद इलाज शुरू किया गया है। अगले दो-तीन दिनों में सेहत में और सुधार होगा। इसके बाद उन्हें निरंतर दवाइयां लेनी पड़ेगी। इस दौरान रिम्स के चिकित्सा अधीक्षक डॉ हिरेंद्र बिरुआ, चिकित्सा उपाधीक्षक डॉ शैलेश त्रिपाठी, डीन डॉ विवेक कश्यप, विभाग के चिकित्सक मौजूद थे।