- सीएम हेमंत से कहा- देखें कैसे झारखंड को लूटा जा रहा है
रांची। बालू की अवैध खनन का मामला झारखंड में हमेशा सुर्खियां बटोरता है। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल यानी एनजीटी की तरफ से 31 अक्टूबर तक नदियों से बालू खनन पर रोक है। बावजूद इसके झारखंड में बालू लूट रोज ही हो रहा है। पुलिस-प्रशासन खनन माफिया की मदद कर रहे हैं, जिसका जीता जागता उदाहरण सरकार की सहयोगी पार्टी कांग्रेस के जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने पेश किया है।
जामताड़ा धनबाद के बीच बराकर नदी पर बजराघाट पुल है। विधायक इरफान अंसारी उसी रास्ते से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने पुल से नीचे देखा, वह आश्चर्यचकित रह गये। गाड़ी से उतर कर उन्होंने एक वीडियो बनायी। उस वीडियो में साफ तौर से देखा जा सकता है कि कैसे नांव से माफिया बालू नदी से निकाल कर किनारे पहुंचा रहे हैं। यहां से बालू को ट्रैक्टरों में भर कर उसकी अवैध तरीके से ढुलाई की जा रही है। इस काम में वहां दिनदहाड़े करीब 500 लोग लगे हुए थे। लेकिन पुलिस और प्रशासन इस बात से बिल्कुल अनजान है्र। इन खनन माफिया पर किसी तरह की नकेल प्रशासन की तरफ से नहीं लगायी जाती है। इसलिए बालू खनन का यह खेल एनजीटी की रोक के बाद भी जारी है।
इरफान अंसारी ने सीएम से लगायी गुहार, कहा बंद करायें अवैध खनन
पुल पर खड़े होकर जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी ने वीडियो बनायी। उस वीडियो में उन्होंने कहा कि सीएम साहब इस अवैध बालू खनन के काम पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अपने वीडियो में बकायदा कहा कि धनबाद के एसएसपी और जामताडा की पुलिस की मिलीभगत से बालू का अवैध खनन हो रहा है। यह किसी भी हाल में रोका जाना चाहिए। अगर रोका नहीं गया तो जल्द ही झारखंड लूट जायेगा। उन्होंने धनबाद जिला प्रशासन पर यह भी आरोप लगाया कि रोजाना करीब 25 लाख रुपये की अवैध कमाई इस खनन के जरिए प्रशासन कर रहा है।