-भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है
-झामुमो को परिवार से बाहर का मुख्यमंत्री बर्दाश्त नहीं
-शिबू सोरेन परिवार राज्य को लूटने के लिए चाहता है सत्ता
-भाजपा नेतृत्व की मजबूत एनडीए सरकार बनाने का संकल्प लें
रांची। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी रविवार को गिरिडीह स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के सभागार में पार्टी द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मान कार्यक्रम सह विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। श्री मरांडी ने अंगवस्त्र और पटका देकर बूथ के कार्यकर्ताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता पार्टी की पूंजी है। केवल चुनाव ही नहीं, बल्कि दिन- प्रतिदिन होने वाले सांगठनिक कार्यक्रमों को कार्यकर्ता ही सफल बनाता है। अभियान को पूरा करता है।
उन्होंने कहा कि नेताओं को तो रोज सम्मानित किया जाता है, लेकिन कार्यकर्ता चुपचाप काम में जुटा रहता है। जनता के सवालों से जूझता है। जन प्रतिनिधियों से संबंधित शिकायतों को सुनता है। सब कुछ सहन कर जनता की सेवा में जुटा रहता है। समस्याओं के समाधान में हर संभव प्रयास करता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ता ही भाजपा की ताकत हैं। वैचारिक लड़ाई को आगे बढ़ाने के सहयोगी हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यकर्ताओंं के बल पर ही देश में तीसरी बार मोदी सरकार का संकल्प पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि इंडी एलायंस ने दुष्प्रचार की पराकाष्ठा कर दी। संविधान बदलने से लेकर आरक्षण खत्म करने का दुष्प्रचार किया। लोगों को भड़काया, लेकिन जनता ने एनडीए को वोट दिया।
कहा कि झारखंड में एनडीए को 81 लाख से ज्यादा वोट मिले, जबकि इंडी एलायंस को 61 लाख पर ही सिमट गया। राज्य की नौ लोकसभा सीट पर एनडीए प्रत्याशियों की जीत हुई। 52 विधानसभा क्षेत्र में एनडीए की जीत हुई।
बाबूलाल ने कहा कि राज्य में सत्ताधारी गठबंधन के तत्कालीन मुख्यमंत्री सहित सात मंत्री अपने-अपने क्षेत्र में इंडी एलायंस के प्रत्याशी को जीत नहीं दिला सके। जनता का इशारा और इरादा स्पष्ट है। जनता ठगबंधन सरकार की लूट, भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी से ऊब चुकी है। हेमंत सरकार भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार है। आज विकास के काम ठप है। विधि व्यवस्था ध्वस्त है। पुलिस प्रशासन केवल उगाही में लगी है। किसी कार्यालय में बिना पैसे का कोई काम नहीं हो सकता। बहन- बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। व्यापारियों को जेल से धमकी मिलती है। रंगदारी नहीं देने पर जान खतरे में है। पिछले साढ़े चार वर्षों में एक भी उद्योग राज्य में नहीं लगा। शिबू सोरेन परिवार को सत्ता की भूख ऐसी कि बिना कोई आरोप के अपने ही मुख्यमंत्री को इस्तीफा देने के लिए बाध्य कर दिया। शिबू सोरेन परिवार को राज्य को लूटने के लिए सत्ता चाहिए, उन्हें जनता के विकास से कुछ भी लेना देना नहीं है।
निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकना है
उन्होंने कहा कि जैसे लोकसभा चुनाव में इंडी एलायंस को धूल चटायी है। वैसे ही विधानसभा चुनाव में अपने परिश्रम और प्रभाव से झारखंड से भी भ्रष्ट निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकना है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जैसे राज्य बनाया है, वैसे ही राज्य का विकास भाजपा और एनडीए सरकार ही कर सकती है। भाजपा को राज्य की सवा तीन करोड़ जनता के विकास की चिंता है, लेकिन शिबू सोरेन परिवार को अपने परिवार के विकास की चिंता है।
इनकी रही मौजूदगी
प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साहू सहित जिला, मंडल, बूथ स्तर के कार्यकर्ता उपस्थित थे।