रांची: झारखंड कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी (सेवानिवृत्त) अमित खरे को भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) से मंजूरी मिल चुकी है। जारी आदेश के अनुसार खरे को केंद्र सरकार के सचिव पद और वेतनमान के समकक्ष दर्जा दिया गया है।
खरे की यह नियुक्ति अनुबंध आधार पर तीन वर्षों के लिए की गई है, जिसकी गणना कार्यभार संभालने की तारीख से होगी। हालांकि, सरकार आवश्यकता पड़ने पर इस अवधि में परिवर्तन कर सकती है।
प्रशासनिक सफर
- 1985 बैच के झारखंड कैडर के IAS अधिकारी।
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एडवाइजर के रूप में कार्यरत रहे।
- केंद्र सरकार में सूचना एवं प्रसारण सचिव तथा शिक्षा सचिव जैसे अहम पदों पर जिम्मेदारी निभाई।
- नई शिक्षा नीति 2020 (NEP 2020) को लागू कराने में महत्वपूर्ण भूमिका।
- ईमानदार छवि और कड़े प्रशासनिक रुख के लिए पहचाने जाते हैं।
झारखंड से गहरा जुड़ाव
अमित खरे का रांची सहित झारखंड के कई जिलों से विशेष लगाव रहा है। राज्य गठन के शुरुआती वर्षों में उन्होंने प्रशासनिक मोर्चे पर कई अहम फैसले लिए और अपनी कार्यशैली से मजबूत छाप छोड़ी।
उनकी नियुक्ति को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में यह संदेश गया है कि शिक्षा और सुशासन में उनके अनुभव का लाभ उपराष्ट्रपति सचिवालय को मिलेगा।