रांची। झारखंड के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे के दौरान अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पलामू जिले के उंटारी रोड में सबसे अधिक 85.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो पूरे राज्य में सर्वाधिक रही। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण पिछले कुछ दिनों से राज्य में रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले एक-दो दिनों तक झारखंड के विभिन्न इलाकों में तेज गर्जन, 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गुरुवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, जिससे हल्की गर्मी और उमस का एहसास हुआ। हालांकि मौसम विभाग ने जल्द ही फिर से बारिश के लौटने की संभावना जताई है।
राज्य के तापमान की बात करें तो पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान गोड्डा में 32.3 डिग्री सेल्सियस और सबसे कम लातेहार में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री, जमशेदपुर में 31.5, डालटनगंज में 31.6, बोकारो में 32.1 और चाईबासा में 31 डिग्री सेल्सियस रहा।