रांची। रांची में 8 अक्टूबर को कैबिनेट की बैठक होगी। यह बैठक शाम 4 बजे से झारखंड मंत्रालय के प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी। इसकी जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय, रांची द्वारा दी गई है। बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
जानकारी हो कि पिछली बैठक 28 सितंबर को आयोजित की गयी थी। इस बैठक में 48 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी थी। इसमें राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 25 लाख लोगों को मुफ्त राशन प्राप्त करने की योजना को स्वीकृति मिली थी। इसके अलावा, राज्य के पीडीएस डीलरों को भी बड़ी राहत मिली। उनका कमीशन 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया। वहीं राज्य के कोचिंग संस्थानों के शुल्क निर्धारण के लिए भी बड़ा कदम उठाया गया था। साथ ही प्रधान सचिव वंदना दादेल ने जानकारी दी थी कि रांची के कांके स्थित रिनपास में 10,74,68,00,700 रुपए की लागत से एक नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही कई अहम प्रस्ताव की स्वीकृति दी गयी थी।