रांची। दिवाली और धनतेरस को लेकर रांची के बाजार गुलजार हैं। मंगलवार को धनतेरस है। धनतेरस पर खरीदारी को लेकर दुकानों में 10 बजे से ही भीड़ देखी जा रही है। खासकर वाहन बाजार व सोना-चांदी की दुकानों में भीड़ अधिक दिखी। राजधानी के अधिकांश चार पहिया और दो पहिया वाहन शो रूम के बाहर भीड़ है। टाटा मोटर्स, प्रेमसंस मोटर्स, हिल टॉप। सुजकी, महेंद्रा सहित अन्य कंपनियों के शो रूम के बाहर खरीदारों की भीड़ लगी हुई है। अधिकांश लोगों ने पहले ही बुकिंग करा ली थी। धनतेरस पर डिलीवरी ले रहे हैं।
एक अनुमान के अनुसार रांची में 25 सौ चार पहिया व 3 हजार से अधिक दो पहिया वाहनों की ब्रिक्री होगी। सोना चांदी व बर्तन की दुकानों में भी भीड़ है। सोना-चांदी के दामों में अप्रत्यशित वृद्धि के बावजूद खरीदारों की भीड़ लगी हुई। इलेक्ट्रोनिक बाजार में भीड़ है। कई तरह की रंग-बिरंगी लाइट, टीवी, एलइडी, फ्रिज आदि की लोग खरीदारी कर रहे हैं। डिजाइनर दीयों की भी खूब मांग है। धनतेरस पर लक्ष्मी स्वरूप लोग झाड़ू खरीद कर घर ले जाते हैं। इसलिए झाडू की भी खूब मांग है। राजधानी में चौक-चौराहों के साथ-साथ सड़कों के किनारे दिवाली का बाजार सजा हुआ है। हर तरफ रौनक है। रांची में पांच सौ करोड़ से अधिक के कारोबार का अनुमान है।