रांची। पलामू जिला के हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से एनसीपी अजीत पावर गुट के एक मात्र विधायक कमलेश कुमार सिंह शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक समारोह में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कमलेश सिंह 25 वर्षों से एनसीपी के साथ जुड़े हुए थे। उन्होंने इस पार्टी से अपना नाता तोड़ दिया और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। कमलेश सिंह हुसैनाबाद से दो बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं।
उनके साथ उनके बेटे सूर्या सोनम ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और असम के मुख्यमंत्री और भाजपा के चुनाव सह प्रभारी हिमंता बिस्वा सरमा और रवींद्र पांडेय ने सदस्यता ग्रहण करायी। सदस्यता ग्रहण समारोह में हुसैनाबाद-हरिहरगंज क्षेत्र से हजारों की संख्या में लोग आये थे। एचइसी स्थित अपने सरकारी आवास से कमलेश सिंह हजारों समर्थकों और वाहनों के काफिले के साथ प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां भी उनके समर्थक बड़ी संख्या में पहले से मौजूद थे। मिलन समारोह के कारण भाजपा कार्यालय के पास घंटों जाम लगा रहा।
इस मौके पर कमलेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य भाजपा नेताओं और पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा में उनके शामिल होने पर स्थानीय नेताओं की ओर से विरोध के सवाल पर होने पर कहा कि कुछ लोग विरोध कर रहे हैं। लेकिन वे भी मान जायेंगे। उनका विरोध स्वाभाविक है।