राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था ठप
-राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए गांवों को सशक्त करना आवश्यक
-सांगठनिक ढांचे के मजबूत आधार हैं चूल्हा प्रमुख
-हटिया विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह आयोजित
रांची। सरकार ने अपने कार्यकाल में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को ठप कर दिया है। राज्य में पिछले पांच सालों में शिक्षकों की कमी होने से शिक्षा के स्तर में गिरावट आयी है। सरकार ने राज्य की बुनियाद को कमजोर कर दिया है। खनिज संपदाओं की लूट और राज्यभर में व्याप्त भ्रष्टाचार इस सरकार की उपलब्धि है। उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने रिंग रोड स्थित आम बगीचा, मनातू में आयोजित हटिया विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह में कही। मौके पर विधानसभा क्षेत्र के हजारों चूल्हा प्रमुखों ने अपने पद की शपथ ग्रहण की। राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए गांवों को सशक्त करना आवश्यक है। गांव का परिचय केवल शहर की आवश्यकतओं को पूरा करने के लिए नहीं होगा। आत्मनिर्भर महिला ही आत्मनिर्भर गांव का आधार हैं। हमने महिलाओं को चौखट और घूंघट से निकालकर उन्हें सामाजिक और राजनीतिक सम्मान दिलाने का काम किया है। सरकार को बेदखल करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर मेनहत करना है। हमारी तैयारी वादों को सिर्फ कागजों का हिस्सा नहीं बल्कि उन्हें धरातल पर उतारने की है।
झारखंड को अपने पैरों पर खड़ा करने की दिशा में काम करना है। बड़ा होने के लिए बड़ी सोच रखनी होगी। राज्य की बेहतरी हमारी प्राथमिकता। पढ़ाई, दवाई, न्याय और कमाई हमारा मूल एजेंडा है। भरत कांशी निरंतर हटिया की जनता की सेवा में लगे हैं। उन्होंने जनता के विश्वास के अनुरूप कार्य किये हैं। उन्होंने कहा कि चूल्हा प्रमुख हमारे सांगठनिक ढांचे के मजबूत आधार हैं। इस अवसर मुख्य केंद्रीय प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, जिप अध्यक्ष निर्मला भगत, हटिया विधानसभा प्रभारी भरत कांशी, जिप सदस्य रातू दक्षिणी मनीषा देवी, डॉ सुधीर यादव, ज्ञान सिन्हा, जीतेंद्र सिंह, अशोक नाग, नागेश्वर महतो, विक्की लोहरा, लीला तिर्की, मन्नू पांडे, योगेंद्र उरांव, राकेश साहू, जितेंद्र कांशी, आजम अंसारी, चिंटू मिश्रा इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।