इंफाल। मणिपुर में सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल कन्ना लूप (केवाईकेएल) के एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही चलाए गए अलग-अलग अभियानों के दौरान हथियारों और गोला-बारूद का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। यह जानकारी शुक्रवार को मणिपुर पुलिस मुख्यलाय ने दी।
पुलिस मुख्यालय ने बताया कि प्रतिबंधित संगठन के स्वयंभू हवलदार को गुरुवार को इंफाल पश्चिम जिले के उरीपोक इलाके से गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी राज्य भर के संवेदनशील और सीमांत क्षेत्रों में चलाए जा रहे गहन तलाशी और क्षेत्र वर्चस्व अभियानों के तहत हुई।
इसी बीच गुरुवार को ही इंफाल पूर्व और काकचिंग जिलों में दो स्थानों से कम से कम 13 आग्नेयास्त्र और गोला-बारूद बरामद किए गए। राज्य में लंबे समय से चल रहे जातीय अशांति के मद्देनजर सुरक्षा बलों द्वारा जारी आतंकवाद विरोधी अभियानों के कारण ऐसी बरामदगी आम हो गई है।
मई, 2023 में मैतेई और कुकी-ज़ो समुदायों के बीच जातीय संघर्ष शुरू होने के बाद से मणिपुर में तनाव बना हुआ है, जिसमें लगभग 260 से ज़्यादा लोग मारे गए और काफी लोग विस्थापित हुए। इस साल की शुरुआत में मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह के इस्तीफे के बाद से राज्य राष्ट्रपति शासन के अधीन है और मणिपुर विधानसभा निलंबित है। सुरक्षा एजेंसियों ने आगे हिंसा रोकने और आतंकवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों के तहत राज्य भर में कड़ी निगरानी और लगातार तलाशी अभियान जारी रखे हुए हैं।