संयुक्त राष्ट्र: भारत ने वर्ष 2017 में संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न इकाइयों में विकास कार्यो के लिए एक करोड़ दस लाख डालर की राशि देने की प्रतिबद्धता जतायी है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन के प्रथम सचिव महेश कुमार ने सात नवंबर को ‘‘विकास गतिविधियों के लिए प्रतिबद्धता सम्मेलन’’ में कहा, “भारत संयुकत राष्ट्र की स्थापना से ही इसमें नियमित रूप से योगदान करता रहा है। भारत का यह मानना है कि शांति और सुरक्षा, विकास और मानवाधिकार की तीन मुख्य आधार विकास गतिविधियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के पास एक उचित और संतुलित तरीके से आवश्यक संसाधन होना चाहिए।
कुमार ने कहा कि एक विकासशील देश के नाते भारत के सामने उसकी अपनी विकास चुनौतियां हैं जिनका समाधान किए जाने की जरूरत है लेकिन उसने हमेशा संयुक्त राष्ट्र की विकास गतिविधियों के लिए संसाधन की उपलब्धता बढ़ाने में योगदान दिया है। इस मौके पर भारत ने वर्ष 2017 के लिए संयुक्त राष्ट्र की विकास गतिविधियों की खातिर करीब एक करोड़ दस लाख डालर की राशि देने की प्रतिबद्धता जतायी।