Close Menu
Azad SipahiAzad Sipahi
    Facebook X (Twitter) YouTube WhatsApp
    Wednesday, June 11
    • Jharkhand Top News
    • Azad Sipahi Digital
    • रांची
    • हाई-टेक्नो
      • विज्ञान
      • गैजेट्स
      • मोबाइल
      • ऑटोमुविट
    • राज्य
      • झारखंड
      • बिहार
      • उत्तर प्रदेश
    • रोचक पोस्ट
    • स्पेशल रिपोर्ट
    • e-Paper
    • Top Story
    • DMCA
    Facebook X (Twitter) Instagram
    Azad SipahiAzad Sipahi
    • होम
    • झारखंड
      • कोडरमा
      • खलारी
      • खूंटी
      • गढ़वा
      • गिरिडीह
      • गुमला
      • गोड्डा
      • चतरा
      • चाईबासा
      • जमशेदपुर
      • जामताड़ा
      • दुमका
      • देवघर
      • धनबाद
      • पलामू
      • पाकुर
      • बोकारो
      • रांची
      • रामगढ़
      • लातेहार
      • लोहरदगा
      • सरायकेला-खरसावाँ
      • साहिबगंज
      • सिमडेगा
      • हजारीबाग
    • विशेष
    • बिहार
    • उत्तर प्रदेश
    • देश
    • दुनिया
    • राजनीति
    • राज्य
      • मध्य प्रदेश
    • स्पोर्ट्स
      • हॉकी
      • क्रिकेट
      • टेनिस
      • फुटबॉल
      • अन्य खेल
    • YouTube
    • ई-पेपर
    Azad SipahiAzad Sipahi
    Home»Jharkhand Top News»ऐसे में तो कभी भाजपा का विकल्प नहीं बन सकती कांग्रेस
    Jharkhand Top News

    ऐसे में तो कभी भाजपा का विकल्प नहीं बन सकती कांग्रेस

    azad sipahi deskBy azad sipahi deskNovember 18, 2020No Comments6 Mins Read
    Facebook Twitter WhatsApp Telegram Pinterest LinkedIn Tumblr Email
    Share
    Facebook Twitter WhatsApp Telegram LinkedIn Pinterest Email

    देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के भीतर एक बार फिर तूफान की आहट मिलने लगी है। तारिक अनवर के बाद कपिल सिब्बल ने बिहार में पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन को लेकर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाये हैं, तो राजद नेता शिवानंद तिवारी ने महागठबंधन के पिछड़ने का कारण कांग्रेस को बताया है। पिछले एक साल में यह तीसरा मौका है, जब कांग्रेस के भीतर से बगावत के स्वर फूटे हैं। पहली बार लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने अध्यक्ष पद छोड़ते हुए पार्टी के बुजुर्ग नेताओं को जिम्मेदार ठहराया था। दूसरी बार पार्टी के 23 वरिष्ठ नेताओं ने सोनिया गांधी को चिट्ठी लिख कर कार्यसमिति और अध्यक्ष का चुनाव कराने का आग्रह किया था। दिसंबर 2018 में तीन राज्यों की सत्ता में वापसी के बाद पार्टी ने महाराष्ट्र और झारखंड में भी सत्ता में भागीदारी हासिल करने में कामयाबी पायी, लेकिन बिहार ने उसकी संभावनाओं पर सवालिया निशान लगा दिया है। अगले साल की शुरुआत में पश्चिम बंगाल में चुनाव होने हैं और फिर यूपी में चुनावी रण का उद्घोष होगा। ऐसे में यदि कांग्रेस ने खुद को नहीं बदला, तो फिर उसे भारतीय राजनीति में अप्रासंगिक होने से कोई नहीं बचा सकेगा। एक समय भारतीय राजनीति का पर्याय कही जानेवाली कांग्रेस की अंदरूनी स्थिति और उसके कारणों का विश्लेषण करती आजाद सिपाही ब्यूरो की खास रिपोर्ट।

    देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस बिहार चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद एक बार फिर दोराहे पर खड़ी है। यहां से उसके लिए दो रास्ते निकलते हैं। एक रास्ता वह है, जिस पर वह खुद में बदलाव कर दूर तक का सफर तय कर सकती है और दूसरा रास्ता उसे अप्रासंगिक होने की ओर ले जाता है। कांग्रेस के भीतर का एक खेमा लगातार पहले रास्ते पर आगे बढ़ने की वकालत कर रहा है, जिसमें सबसे पहले पार्टी नेतृत्व को आक्रामक राजनीति के तौर-तरीकों से वाकिफ होकर नये लोगों को अवसर देने की अनिवार्य शर्त है। विडंबना यह है कि इस खेमे को पार्टी के भीतर ही बागी और असंतुष्ट करार दिया जा रहा है, जिसका परिणाम बिहार में देखने को मिला है।
    पिछले 10 नवंबर को, जब बिहार चुनाव के परिणाम घोषित हो रहे थे और कांग्रेस के निराशाजनक प्रदर्शन का सिलसिला लगातार जारी था, एक पुराने कांग्रेस नेता ने कहा कि अब पार्टी को अपने अतीत का मोह त्यागना होगा और उसे भविष्य पर ध्यान देना होगा। यदि ऐसा नहीं हुआ, तो 2024 आते-आते कांग्रेस पूरी तरह मटियामेट हो जायेगी।
    इस कांग्रेसी की टिप्पणी इस मायने में उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के पास अब आत्ममंथन का भी समय नहीं बचा है। आज देश की राजनीति जिस आक्रामक दौर में पहुंच गयी है, उसमें किसी को भी बहुत अधिक समय नहीं मिल सकता है। ‘परफॉर्म आॅर पेरिश’, यानी प्रदर्शन करो या मिट जाओ के कॉरपोरेट सिद्धांत ने राजनीति में भी गहरा प्रभाव छोड़ दिया है। इसलिए कांग्रेस के सामने अब अप्रासंगिक होने का खतरा मंडराने लगा है।
    ऐसे में कांग्रेस को नया राजनीतिक मॉडल अपनाने के लिए तैयार होना जरूरी है। समय-समय पर पार्टी के भीतर भी आंतरिक चुनाव समुचित तरीके से कराने और हर किसी को चुनाव लड़ने की इजाजत दिये जाने की मांग उठती रही है, लेकिन अब तक कांग्रेस नेतृत्व इस दिशा में कोई सकारात्मक रुख अपनाता नहीं दिख रहा है। कभी देश की राजनीति पर निर्विवाद रूप से छायी रहनेवाली कांग्रेस के सामने चुनौती बहुत बड़ी है और यह देखना दिलचस्प होगा कि वह इनसे कैसे पार पाती है। पार्टी के खिलाफ हो रहे चौतरफा हमले और नेतृत्व की चुप्पी भी पार्टी के लिए खतरनाक साबित हो रही है। अब कांग्रेसियों को अपना अस्तित्व बचाने के लिए खुद ही आगे आना होगा और पार्टी को पार्टी की तरह चलाना होगा।
    यह हकीकत है कि दिसंबर 2018 में तीन राज्यों की सत्ता में वापस आयी कांग्रेस लोकसभा चुनाव में करारी पराजय के बाद से ही लगातार भारतीय राजनीति के हाशिये पर जाती दिख रही है। हालांकि महाराष्ट्र और झारखंड की सत्ता में गठबंधन के सहारे उसकी वापसी ने इस पतन को रोकने की कोशिश की, लेकिन मध्यप्रदेश की सत्ता गंवाने और राजस्थान में पैदा हुए सियासी संकट से पार्टी के भीतर का खोखलापन एक बार फिर सामने आ गया है। बिहार के चुनाव ने तो उसके ताबूत में अंतिम कील ही ठोक दी है।
    दरअसल कांग्रेस की यह स्थिति कमोबेश उस संस्कृति के कारण हुई है, जिसे कपिल सिब्बल ‘मनोनयन संस्कृति’ बता चुके हैं। कांग्रेस में आज भी गांधी-नेहरू परिवार ही अंतिम है। वहां का आदेश पार्टी का कायदा है और वहां से मनोनीत नेता ही पार्टी चलाते हैं। कांग्रेस को अब यह संस्कृति नुकसान पहुंचाने लगी है। कांग्रेस के विरोधी भी मानते हैं कि कांग्रेस के पास वह सब कुछ है, जो एक मजबूत संगठन में होना चाहिए। कमी केवल नेतृत्व की है।
    गांधी-नेहरू परिवार की जो मोटी पट्टी कांग्रेसियों की आंखों पर चढ़ा दी गयी है, उसे उतार कर दुनिया देखने की जरूरत है। राजनीतिक विश्लेषक कहते हैं कि जो पार्टी अपने पुरखों के सम्मान की रक्षा करने में असमर्थ हो, उससे भविष्य की उम्मीद करना बेकार है।
    ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर कांग्रेस को हो क्या गया है। वह सन्निपात की स्थिति में क्यों है। क्या पार्टी ने खुद को समाप्त करने का फैसला कर लिया है। इन सवालों के जवाब आसान नहीं हैं। ऐसा नहीं है कि कांग्रेस पहले कभी संकटों में नहीं फंसी।
    पार्टी इन संकटों से उबर कर देश के राजनीतिक पटल पर मजबूत नेतृत्व देने को तैयार हुई। आजादी के बाद वैसे तो कांग्रेस में कई संकट आये, लेकिन पार्टी हमेशा उनसे उबरती रही। लेकिन इस बार का संकट सबसे ज्यादा गंभीर है, हालांकि इतिहास बताता है कि पार्टी हर बार मजबूती के साथ उभरी है।
    कांग्रेस के साथ एक खास बात यह रही है कि आजादी के बाद से इसकी कमान हमेशा गांधी परिवार के हाथों में रही है। के कामराज और सीताराम केसरी जरूर इसके अपवाद हैं। पार्टी की वर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी से पहले राहुल गांधी अध्यक्ष थे, लेकिन 2019 के चुनावों में करारी शिकस्त की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने पद छोड़ दिया था। आजादी के बाद के इतिहास पर नजर डालें तो यह साफ हो जाता है कि पार्टी में स्थिरता सिर्फ गांधी परिवार के ही नेतृत्व में रही।
    जब भी गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति पार्टी के शीर्ष पद पर पहुंचा, किसी न किसी वजह से वह लंबे समय तक सभी को साथ लेकर चलने में विफल रहा। इस वजह से विरोधियों को यह कहने का मौका मिल जाता है कि कांग्रेस गांधी परिवार के प्रभाव से कभी बाहर नहीं आ सकती है। लेकिन अब समय आ गया है कि कांग्रेस अब नेहरू-गांधी परिवार के साये से बाहर निकले। यही एकमात्र रास्ता बचा है, ऐसा नहीं हुआ, तो भाजपा का विकल्प कभी भी कांग्रेस नहीं बन सकती।

    Congress can never become an alternative to BJP In such a situation
    Share. Facebook Twitter WhatsApp Telegram Pinterest LinkedIn Tumblr Email
    Previous Articleचुनाव में मुंह की खाने के बाद भाजपा को धर्म याद आ गया: सुप्रियो भट्टाचार्य
    Next Article गाइडलाइन में परिवर्तन जन भावनाओं की जीत : दीपक प्रकाश
    azad sipahi desk

      Related Posts

      डिटेंशन सेंटर से फरार तीन बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, हजारीबाग पुलिस को बड़ी कामयाबी

      June 10, 2025

      मां की हत्या का आरोपित गिरफ्तार

      June 10, 2025

      कांग्रेस नेता राजकुमार रजक का आकस्मिक निधन

      June 10, 2025
      Add A Comment

      Comments are closed.

      Recent Posts
      • डिटेंशन सेंटर से फरार तीन बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, हजारीबाग पुलिस को बड़ी कामयाबी
      • बॉक्स ऑफिस पर ‘हाउसफुल-5’ का जलवा, 100 करोड़ के क्लब में शामिल
      • बॉक्स ऑफिस पर ‘ठग लाइफ’ की रफ्तार थमी, फिल्म को नहीं मिला दर्शकों का प्यार
      • भारत ए बनाम इंग्लैंड लायंस: कोटियन-कंबोज की शानदार साझेदारी, दूसरा अनौपचारिक टेस्ट ड्रॉ
      • एफआईएच प्रो लीग: रोमांचक मुकाबले में नीदरलैंड ने भारत को 3-2 से हराया
      Read ePaper

      City Edition

      Follow up on twitter
      Tweets by azad_sipahi
      Facebook X (Twitter) Instagram Pinterest
      © 2025 AzadSipahi. Designed by Microvalley Infotech Pvt Ltd.

      Type above and press Enter to search. Press Esc to cancel.

      Go to mobile version