हनोई: मध्य वियतनाम में मूसलाधार बारिश से आई बाढ़ के कारण 13 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय आपदा अधिकारी ने सोमवार को बताया कि नवंबर के अंत में शुरू हुई बारिश से बिन्ह डिन्ह प्रांत में छह लोग और क्वांग नेम प्रांत में तीन लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि जल स्तर घट रहा है और बाढ़ के प्रकोप में कमी आई है। सरकार ने एक रिपोर्ट में कहा कि बाढ़ के कारण क्वांग नगाई में चार अन्य लोगों की मौत हो गयी। बाढ़ ने क्षेत्र में आधारभूत संरचना, कृषि और पशुधन को नुकसान पहुंचाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर से आने वाली ठंडी हवा के कारण क्षेत्र में आज से भारी बारिश होने का अनुमान है। मध्य वियतनाम देश के सबसे गरीब क्षेत्रों में से एक है और अक्तूबर से यहां दो बार बाढ़ आई जिससे करीब 50 लोगों की जानें जा चुकी हैं। वियतनाम में अक्सर बाढ़ और तूफान आते रहते हैं, जिससे हर साल कई लोगों की जान जाती है।