जौनपुर: नोटबंदी के बाद देश में उपजी परेशानियों को लेकर कांग्रेस की ओर से सोमवार को उत्तर प्रदेश के जौनपुर के बीआरपी इंटर कॉलेज के मैदान में जनआक्रोश रैली का आयोजन किया गया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मैंने मोदी जी को कहा कि किसान का कर्ज माफ करो, उन्होंने सवाल का जवाब नहीं दिया, एक शब्द तक नहीं कहा।
नोटबंदी पर बोलते हुए राहुल ने कहा कि 8 नवंबर को जो फैसला लिया गया था, वह कालेधन और भ्रष्टाचार के खिलाफ नहीं था, बल्कि वह गरीबों, किसानों के विरोध में था। यह 99 फीसदी लोगों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने मनरेगा का मजाक उड़ाया है। 50 परिवारों के पास सबसे ज्यादा धन है। किसानों के कर्ज माफी को लेकर पीएम मोदी चुप हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आगे कहा कि पीएम मोदी अमीर लोगों का कर्ज माफ करते हैं, उन्हें हिंदुस्तान के किसानों का कर्ज माफ करना चाहिए।
बता दें कि नोटबंदी के बाद केंद्र सरकार पर हमलावर राहुल गांधी की सूबे में यह पहली रैली है। राहुल की रैली के कारण कांग्रेस में जबरदस्त उत्साह है। जेसीज चौराहे से लेकर हर उस रास्ते को बैनर-पोस्टर से पाट दिया गया था जहां से राहुल गुजरे। कांग्रेस के प्रदेश स्तरीय नेता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे।
वहीं, रैली के मद्देनजर प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर रविवार देर शाम पहुंच गए। राष्ट्रीय सचिव राणा गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश मिश्र पहले से ही शहर में हैं। रैली के लिए सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किये गए हैं। आसपास के जिलों से भी काफी संख्या में फोर्स बुलायी गयी है। दो कम्पनी पीएसी, चार सौ कांस्टेबिल, सौ सबइंस्पेक्टर, 13 इंस्पेक्टर, बम निरोधक दस्ते की तैनाती की गयी है। बयालसी डिग्री कालेज को आपातकालीन अस्पताल में तब्दील कर दिया गया है।