रांची: रघुवर सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में झारखंड सरकार 23 से 26 दिसंबर तक पूरे राज्य में विकास पर्व मनायेगी। इस विकास पर्व के माध्यम से सरकार जन-जन तक पहुंचेगी। इसका उद्देश्य सरकार की उपलब्धियां और कल्याणकारी योजनाएं राज्य के एक-एक व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसे लेकर शुक्रवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में सीएम आवास में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। इसमें सीएम रघुवर दास ने मंत्री और विधायकों को कई टास्क दिये।
28 को पूरे हो रहे रघुवर सरकार के दो साल : मुख्यमंत्री ने विधायकों को सरकार की दो साल की उपलब्धियां जनता के बीच ले जाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि 23 से 26 दिसंबर तक सभी विधायक अपने विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम कर सरकार की उपलब्धियां लोगों को बतायें। सीएम ने कहा कि 28 दिसंबर को सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इस दौरान सरकार ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। विकास की रफ्तार तेज हुई है और जनहित में कई फैसले लिये गये हैं। इन सभी का जनता के बीच आना जरूरी है।
हर जिले में जनसभा, 81 विस क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम : मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायकों के साथ सभी जिलों के प्रभारी मंत्री भी अपने जिले में जनसभा करेंगे। सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के कौन से मंत्री, सांसद और विधायक कार्यक्रम करेंगे इसकी सूची तैयार हो गयी है। जिन विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक नहीं हैं, वहां भी भाजपा के सांसद, विधायक और पदाधिकारी जनसभा करेंगे। भाजपा विधायक दल की बैठक में मंत्री सीपी सिंह, नीलकंठ सिंह मुंडा, रणधीर सिंह, लुइस मरांडी, नीरा यादव, राज पलिवार और विधायक दल के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर समेत लगभग सभी मंत्री और विधायक मौजूद थे।
30 तक भाजपा के सांसद-विधायक दें बैंक ट्रांजैक्शन की रिपोर्ट : मुख्यमंत्री ने पार्टी के सभी सांसदों और विधायकों को 30 दिसंबर तक अपने बैंक खातों के ट्रांजैक्शन की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि सांसदों और विधायकों ने 9 नवंबर से अब तक अपने बैंक खातों से कितना ट्रांजैक्शन किया है और कितने पुराने नोटों की बदली की है, यह जानकारी एक फॉर्म में भरकर सीलबंद लिफाफे में जमा कर दें। मुख्यमंत्री ने सभी विधायकों को फॉर्म उपलब्ध करा दिया है। सभी विधायकों के बैंक खातों का हिसाब मुख्यमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को सौंपेंगे।
विधायकों को दिया गया कैशलेस लेन-देन का प्रशिक्षण : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भाजपा के सभी विधायकों को कैशलेस झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि विधायक यह सुनिश्चित करें कि उनके विधानसभा क्षेत्र में कैश का कम से कम प्रयोग हो। विधायक दल की बैठक में शामिल होने आये विधायकों को कैशलेस लेन-देन का प्रशिक्षण भी दिया गया।
बैंक आॅफ इंडिया से आये प्रतिनिधि ने विधायकों को मोबाइल एप के जरिये लेन-देन करने का प्रशिक्षण दिया।