आजाद सिपाही संवाददाता
दुबई/रांची। वर्तमान परिवेश में झारखंड को हुनरमंद करने का अर्थ है, विश्व के स्किल्ड मानव संसाधन की आवश्यकताओं को पूरा करना। आनेवाले समय में झारखंड विश्व को स्किल्ड मानव संसाधन देगा। झारखंड में भी न्यू इंडिया की तर्ज पर न्यू झारखंड के निर्माण के तहत राज्य के युवाओं को डिग्री के साथ हुनरमंद बनाने पर जोर दिया गया है। संयुक्त अरब अमीरात में हुनरमंद युवाओं की मांग है। हम यहां आकर आपकी अपेक्षाओं को जानने और उसी अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ये बात होटल हयात रीजेंसी, क्रीक हाइट्स, दुबई में रविवार को आयोजित रोड शो में कहीं।
सबसे तेजी से विकास करनेवाले राज्यों में झारखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड भारत के सबसे तेजी से विकास करनेवाले राज्यों में एक है। पिछले चार साल में राज्य ने अभूतपूर्व प्रगति की है। आज झारखंड की विकास दर गुजरात के बाद सबसे अधिक है । 2013-14 में झारखंड में कृषि विकास दर माइनस चार प्रतिशत थी, राज्य के किसानों की वजह से पिछले चार सालों में बढ़कर कृषि विकास दर 14 प्रतिशत हो गयी। सरकार किसानों की समृद्धि के लिए कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि देश की सबसे अच्छी उद्योग और श्रम नीति झारखंड की है। इज आॅफ डूइंग बिजनेस में झारखंड देश के पहले चार-पांच राज्यों में एक है। झारखंड उद्यमियों की पसंद बन गया है।
इन कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीएम ने की वन टू वन बात
मुख्यमंत्री के साथ वन टू वन इंटर-एक्शन के तहत डीएम हेल्थकेयर, नखील, अल नबूदाह कंस्ट्रक्शन, अल जबेर एलजिइटी इंजीनियरिंग एंड कांट्रेक्टिंग, एएसजीसी कांट्रेक्टिंग, एमपीसी हेल्थकेयर, डीयूएलएससीओ, बायर्न आदि कंपनियों के प्रतिनिधियों से वार्ता हुई।
झारखंड सरकार की सराहनीय पहल : सूरी
यूएइ में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने कहा युवाओं को रोजगार देने के लिए झारखंड सरकार की यह पहल सराहनीय है। यह झारखंड के विकास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यूएइ स्किल्ड झारखंड के निर्माण में बड़ी भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2015 के दौरे के बाद दोनों देशों के संबंधों में व्यापक बदलाव आया है। झारखंड के विकास आयुक्त डीके तिवारी ने झारखंड को निवेश के लिए अत्यंत उपयुक्त डेस्टिनेशन तथा विश्व स्तर पर स्किल्ड युवाओं के रूप में मानव संसाधन की उपलब्धता के लिए झारखंड को महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील कुमार वर्णवाल तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा कौशल विकास विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा ने भी अपने विचार रखे। मिशन सोसाइटी के मिशन निदेशक रवि रंजन ने सबका स्वागत किया तथा झारखंड कौशल विकास मिशन सोसाइटी के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अमर झा ने सबके प्रति आभार प्रकट किया।