पटना: नागरिकता संशोधन कानून को लेकर यूपी, गुजरात, दिल्ली, कर्नाटक, असम के बाद अब बिहार में भी विरोध प्रदर्शन का दौर तेज हो गया है। बिहार में पिछले कुछ दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच के राज्य में मुख्य विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल ने आज बंद बुलाया है। सुबह से ही आरजेडी के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं और ट्रेनों को रोका जा रहा है।
भागलपुर में आरजेडी कार्यकर्ता करीब डेढ़ घंटे से प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने सड़कों पर चल रहे वाहनों में तोड़फोड़ की है। वे नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। भागलपुर में विरोध प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बीच पुलिस के जवान सड़कों पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। आरजेडी के कार्यकर्ता जबरन दुकानें बंद करा रहे हैं। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने कहा था कि बंद शांतिपूर्ण होगा लेकिन इसके बावजूद बंद समर्थकों ने तोड़फोड़ की।