राजनीति : उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले की सियासत गरम
लखनऊ (आजाद सिपाही)। उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले का सियासी माहौल उबाल पर आ गया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के करीबियों के यहां पिछले दो दिनों के दौरान पड़े आयकर छापों ने आग में घी का काम किया है। एक तरफ जहां सपा इसे राजनीतिक प्रतिशोध बता रही है, तो दूसरी तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आयकर छापों को विधिसम्मत बताते हुए चोर की दाढ़ी में तिनका का जिक्र किया है। अखिलेश ने अपना फोन टैप कराने का आरोप भी लगाया है। उधर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी रायबरेली में जमी हुई हैं।
आयकर के छापों से सपा को पीड़ा चोर की दाढ़ी में तिनका है : योगी
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मथुरा के महाविद्या स्थित रामलीला मैदान पर जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) पर तंज कसते हुए कहा कि आयकर के छापों से सपा परेशान हो रही है। इस पर मैंने एक व्यक्ति से पूछा कि यह सब क्यों हो रहा है, तो उन्होंने कहा कि आपको पता नहीं, चोर की दाढ़ी में तिनका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पांच साल में किसी की संपत्ति दो सौ गुना बढ़ जायेगी। क्या कोई सोच सकता था, लेकिन समाजवादी पार्टी सरकार में यह सब देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि 19 दिसंबर को 19वीं बार आया हूं। आज का दिन गोवा मुक्ति का दिवस है। क्रांतिकारियों का दिन भी है। यहां के पूज्य संतों के आशीर्वाद से कुंभ करने का अवसर मिला। तब भी यहां आया। उन्होंने कहा कि यह वही धरती है, जहां का कण-कण पूज्य है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए बोले कि कोसी का दंगा कोई भूला नहीं है। जवाहर बाग में क्या होता था। याद करिये। हमारी सरकार में पौने पांच वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ। जो व्यापारी भगाये गये, वो वापस आये। आज कोई व्यापारी या हिंदू पलायन नहीं करता। पलायन माफिया का हो रहा है।
मेरा और सपा कार्यालय से जुड़े लोगों का फोन टैप करवा रही भाजपा : अखिलेश
लखनऊ। रविवार को भी समाजवादी पार्टी के नेताओं के घरों पर आयकर विभाग की टीम ने छापे मारे। इस पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस की और तंज कसा कि अनुपयोगी सरकार और कर भी क्या सकती है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग मेरा और सपा के अन्य नेताओं के फोन टैप करवा रही है। सपा कार्यालय से जुड़े लोगों के फोन टैप किये जा रहे हैं। यह रिकॉर्डिंग ऐसे अधिकारी कर रहे हैं, जो खुद को सत्ता के नजदीक दिखाने का प्रयास करते हैं। इसमें एक अधिकारी मैनपुरी के भी हैं। समाजवादी सरकार बनने के बाद ऐसे अधिकारियों की खोज खबर ली जायेगी। अखिलेश यादव ने कहा कि ये भाजपा की बौखलाहट को दिखाता है। वे जानते हैं कि वे ये चुनाव हारने जा रहे हैं। 2022 में सपा की सरकार आ रही है। ऐसे में वे हर हथकंडा अपना रहे हैं, लेकिन मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि समाजवादी विजय रथ रुकने वाला नहीं है। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि यह ‘अनुपयोगी मुख्यमंत्री’ हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि केंद्र की सरकार ने अजय मिश्र टेनी को अभी तक बर्खास्त क्यों नहीं किया है? जो लोग खुद को बुलडोजर वाली सरकार का दावा करते हैं, उनका बुलडोजर टेनी के घर पर क्यों नहीं चला?
पांच शहरों में 12 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
आयकर विभाग ने शनिवार सुबह सपा नेताओं के पांच शहरों में 12 से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। इन शहरों में लखनऊ, मैनपुरी, आगरा, मऊ एवं बेंगलुरु शामिल हैं। लखनऊ में एक साथ तीन ठिकाने पर छापा मारा गया। सभी जगह शनिवार देर रात तक अफसर दस्तावेजों को खंगालते रहे। विभाग के सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान काफी दस्तावेजों को जब्त किया गया है। आयकर विभाग के निशाने पर आये सभी नेता सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बेहद करीबी हैं।
रायबरेली में प्रियंका ने महिलाओं से किया संवाद
रायबरेली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को रायबरेली के रिफॉर्म क्लब में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि अगर देश की सारी महिलाएं एक हो जायें, तो हम राजनीति बदल देंगे। कांग्रेस ने महिलाओं के लिए अलग से घोषणा पत्र जारी किया है, जिसमें सिर्फ स्कूटी और स्मार्ट फोन देने का वादा ही नहीं किया गया है, बल्कि महिलाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकार देने की बात की गयी है। उन्होंने अपील की कि आप हमें शक्ति दीजिए। हम आपको देंगे। इसके पहले वह जिले के बछरावां क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में गयीं और वहां दर्शन किये। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म हमें सच्चाई और प्यार का रास्ता दिखाता है। आरएसएस और भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं। राहुल गांधी हिंदू धर्म और हिंदुत्व के बीच के फर्क को सामने रख रहे हैं।