नई दिल्ली/लंदन: भारत सरकार के लिए पिछले लंबे समय से मुसीबत बने, करीब नौ हजार करोड़ रुपये का बैंक लोन लेकर फरार चल रहे शराब कारोबारी विजय माल्या को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया है।
बतादें कि माल्या की गिरफ्तारी वेस्टमिंस्टर कोर्ट के आदेश के बाद हुई है। खबरों के अनुसार माल्या को अब जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट के हवाले से मिली खबर के अनुसरा माल्या को MLAT (मुचुअल लीगल असिस्टेंट ट्रीटी) संधि के तहत गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, लंदन के मेट्रोपोलिटन पोलिस की एक्स्ट्राडिशन यूनिट के अधिकारियों ने प्रत्यर्पण वारंट पर कार्रवाई करते हुए मंगलवार को विजय माल्या को गिरफ्तार किया है। 61 वर्षीय माल्या की इंडियन अथॉरिटीज की तरफ से बैंकों के साथ धोखाधड़ी के लगाए गए आरोप के बाद यह कार्रवाई की गई है।
आपको बता दें कि विजय माल्या की गिरफ्तारी की सीबीआई ने भी पुष्टि की है, मामले पर सीबीआई ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है। गौरतलब हो कि माल्या के खिलाफ कई एजेंसियों ने समन जारी किया हुआ था। इससे पहले, वित्त मंत्रालय की तरफ से आग्रह के बाद विदेश मंत्रालय ने विजय माल्या का पासपोर्ट रद्द कर दिया था।