रांची । झारखंड में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। कई इलाकों में जलभराव का नजारा दिख रहा है। सड़कें कीचड़ से सनी पड़ी हैं। लगातार बारिश से कई नदियां उफान पर हैं।
मौसम पूर्वानुमान में कहा गया है कि 15 अगस्त तक अच्छी बारिश होगी। बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। राज्य के किसान अपनी खेती को लेकर काफी खुश हैं। क्योंकि जुलाई में बारिश नहीं होने के कारण राज्य में सूखे का खतरा मंडरा रहा था। अब तीन दिनों की बारिश से किसानों को राहत मिली है।
हालांकि लगातार बारिश से रांची के तीन डैम रूक्का, हटिया और गोंदा डैम के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। रांची के रूक्का के जलस्तर में छह, हटिया डैम में एक इंच और गोंदा डैम में एक फीट की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। डैम से कम आपूर्ति होने के कारण इस साल डैम का वाटर लेबल अच्छी स्थिति में था। जुलाई में भी डैम का वाटर लेबल 30 फीट तक था। डैम का वाटर लेबल क्षमता 38 फीट है। लेकिन अगर बारिश नहीं होती तो आने वाले दिनों में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता।
हटिया डैम के फाटक के मरम्मत कार्य अंतिम चरण में
बारिश को देखते हुए हटिया डैम के फाटक की मरम्मत की कार्य तेज कर दिया गया है। दो से तीन दिनों के अंदर कम से कम दो फाटक खोलने लायक बना दिए जाएंगे। इसका काम जलसंसाधन विभाग करवा रहा है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल हटिया डैम ओवर फ्लो हो गया था। कई वर्षों से डैम का फाटक नहीं खुलने के कारण वह खराब हो गया था। पिछले वर्ष हुई अच्छी बारिश के बाद डैम ओवर फ्लो होने से पेयजल विभाग की चिंता बढ़ गयी थी। मगर सही समय पर बारिश थम गयी और रसियन तकनीकी से बने डैम का फाटक क्षतिग्रस्त होने से बचा गया था। इसके बाद पेयजल विभाग ने जल संसाधन विभाग को डैम के फाटक की मरम्मति का कार्य सौंपा है।
इस संबंध में मौसम केंद्र के प्रभारी वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को बताया कि आने वाले पांच दिन बारिश के लिए बेहतर रहेंगे। मानसून सक्रिय रहेगा। 13 अगस्त से एक बार नया सिस्टम बना रहा है। इस कारण पूरे राज्य में बारिश होगी। झारखंड में तेज हवाओं का झोंका भी चल सकता है। इसकी गति 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। 13 और 14 अगस्त को दक्षिणी मध्य भागों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है, जो सिस्टम बन रहा है वह नार्थ-ईस्ट की ओर दिशा में है। 13 अगस्त को राज्य के मध्य (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी तथा रामगढ़) और दक्षिण (पूर्वी सिंहभूम, प सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा) में भारी बारिश हो सकती है। 14 अगस्त को पलामू प्रमंडल और मध्य भागों में भारी बारिश हो सकती है।
पूरे राज्य में 319 मिमी बारिश हुई है। राज्य में सामान्य से 47 मिमी बारिश कम हुई है। रांची में 450, जमशेदपुर में 636 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है। डालटनगंज में 348, बोकारो में 328 तथा चाईबासा में 461 मिमी बारिश अब तक हो गयी है।