- संविदा पर एक साल के लिए नियुक्त होंगे पूर्व सैनिक
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड के जेलों में 624 पदों पर नियुक्ति होगी। इसको लेकर गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। आदेश के अनुसार रांची, हजारीबाग, दुमका और जमशेदपुर सेंट्रल जेल में कक्षपाल के 624 पदों पर भर्ती की जायेगी, जिनमें पुरुषों के लिए 600 और महिलाओं के 24 पद रिक्त हैं। यह पद राज्य स्तरीय है। इन सभी पदों पर भूतपूर्व सैनिकों को नियुक्त किया जाना है। यह नियुक्ति संविदा के आधार पर एक साल के लिए होगी। एक साल पूरा होने के बाद सेवा समाप्त कर दी जायेग।
हर महीने मिलेंगे 20 हजार रुपये
गृह विभाग के द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि अनुबंध के आधार पर नियुक्त भूतपूर्व सैनिकों को हर महीने 20 हजार रुपये वेतन दिया जायेगा। प्रत्येक वर्ष सेवा की अवधि के उपरांत निर्धारित मानदेय में 8% की बढ़ोत्तरी की जायेगी। इसके अलावा कोई राशि देय नहीं होगी। अनुबंध पर इन कर्मियों को एक वर्ष में केवल 20 दिनों का क्षतिपूर्ति अवकाश दिया जायेगा। इन्हें यात्रा भत्ता और दैनिक भत्ता सरकारी ड्यूटी के दौरान नियमानुसार दिया जायेगा।
जो भूतपूर्व सैनिक पहले सैनिक अस्पताल में स्वास्थ्य संबंधी कार्य कर चुके हैं, उन्हें इच्छानुसार कारा अस्पताल में सेवा दी जा सकती है, साथ ही ड्राइवर, कंप्यूटर आॅपरेटर की जानकारी रखने वाले भूतपूर्व सैनिक को नियुक्ति में प्राथमिकता दी जायेगी।