आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के अंतिम दर्शन के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सैफई पहुंचे। उन्होंने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। बता दें कि सीएम के साथ मंत्री बन्ना गुप्ता भी सैफई गये थे।
10 अक्टूबर को हुआ निधन
उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के सरंक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन 10 अक्टूबर को हुआ। उन्होंने 82 साल की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सोमवार सुबह 8:16 बजे आखिरी सांस ली। मुलायम सिंह यादव को 22 अगस्त को सांस लेने में तकलीफ और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था और 1 अक्टूबर की रात को उन्हें सीसीयू में शिफ्ट किया गया था, जहां डॉक्टरों का पैनल उनका इलाज कर रहा था।