आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। ओरमांझी में बनने वाला फ्लाइओवर का नक्शा बदला दिया गया है। अब यह फ्लाइओवर दीवार पर नहीं, बल्कि पिलर पर बनाया जायेगा। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया गया है। इस मुद्दे को लेकर झारखंड के भाजपा सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। सांसदों ने कहा कि ओरमांझी में दीवार पर फ्लाइओवर बनने से वहां के दुकानदारों और स्थानीय ग्रामीणों को काफी समस्या होगी। इसलिए इसका डिजाइन चेंज किया जाये। सांसदों के आग्रह पर संज्ञान लेते हुए नितिन गडकरी ने अधिकारियों को तत्काल फ्लाइओवर की डिजाइन बदलने और उसे पिलर पर बनाने का निर्देश जारी किया। मुलाकात के दौरान संजय सेठ ने केंद्रीय मंत्री से रातू रोड में बनने वाले एलिवेटेड कॉरिडोर में सोहराई पेंटिंग बनवाने का भी आग्रह किया। नितिन गडकरी ने इस मुद्दे पर भी काम करने की बात कही। वहीं सांसदों ने रांची-सिल्ली-मुरी पथ को भी नेशनल हाइवे के रूप में अपग्रेड करने का आग्रह मंत्री से किया, जिस पर उन्होंने सकारात्मक पहल करने की बात कही। उन्होंने जल्द झारखंड आकर एनएच से जुड़ी परियोजनाओं की समीक्षा करने की भी बात कही। प्रतिनिधिमंडल में रांची के सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, धनबाद के सांसद पीएन सिंह, गिरिडीह के चंद्रप्रकाश चौधरी, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, लोहरदगा के सांसद सुदर्शन भगत, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, दुमका के सांसद सुनील सोरेन के अलावा रांची के पूर्व सांसद राम टहल चौधरी मौजूद थे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

