रोमानिया के राजदूत राडू ओक्टावियन डोबरे ने बताया कि भारत और रोमानिया के बीच करीबी सांस्कृतिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमारे यहां 11वीं कक्षा में बच्चों को रामायण और महाभारत के अंश पढ़ाए जाते हैं। इंटरनेशनल कल्चर खंड में बच्चों को यह पढ़ाया जाता है।
भारत में रोमानिया के राजदूत डोबरे ने कहा, दोनों देशों के पहले से चले आ रहे मजबूत संबंध हाल के वर्षों में काफी प्रगाढ़ हुए हैं। दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क पहले से ज्यादा बढ़े हैं। डोबरे ने कहा कि हमारे देश में दो बॉलीवुड चैनल 24 घंटे प्रसारित होते हैं। हम दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत बनाना चाहते हैं।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता की भारत की दावेदारी के बारे में एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि रोमानिया, भारत को सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य के रूप में देखना चाहता है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को बढ़ावा देने में पर्यटन का महत्वपूर्ण स्थान है और हम रोमानिया को भारत के पर्यटन के नक्शे पर देखना चाहते हैं।