खिलाड़ियों के धरने पर बैठने से देश की हो रही बदनामी
लखनऊ, 19 जनवरी (हि.स.)। ओलंम्पिक पदक विजेता व कुश्ती खिलाड़ी योगेश्वर दत्त ने कहा कि कुश्ती खिलाड़ियों के आरोपों की जांच होनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में योगेश्वर ने कहा कि कुश्ती के पहलवानों द्वारा कुश्ती संघ के अध्यक्ष के खिलाफ जो आरोप लगाये हैं वे बेहद गंभीर हैं। इसलिए कुश्ती खिलाड़ियों के आरोपों की जांच होनी चाहिए।
खिलाड़ियों के धरने पर बैठने से देश की हो रही बदनामी: गोपाल सैनी
क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओलम्पियन एवं अर्जुन अवार्डी गोपाल सैनी ने कहा कि कुश्ती के खिलाड़ियों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। इसकी जांच होनी चाहिए लेकिन खिलाड़ियों का इस प्रकार धरने पर बैठने से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों की बदनामी हो रही है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर धरने पर बैठे कुश्ती के पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है लेकिन यदि उनके साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार हुआ है तो इसकी शिकायत कोच से करनी चाहिए या फिर शिकायत करने के और भी स्थान हैं वहां पर इसकी शिकायत करनी चाहिए। खिलाड़ियों का इस प्रकार धरने पर बैठने का तरीका ठीक नहीं है। गोपाल सैनी ने हिन्दुस्थान समाचार से कहा कि हर खेल के अपने नियम कानून होते हैं। अगर उस खेल में हिस्सा लेना है तो उस नियम कानून का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि अगर खिलाड़ियों का यौन शोषण हुआ है तो यह शर्म की बात है। इन आरोपों की जांच होनी चाहिए।
कुश्ती संघ के अध्यक्ष व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह पर पहलवानों ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। दिल्ली के जंतर मंतर पर पहलवान दो दिन से धरना दे रहे हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि जब तक हमें न्याय नहीं मिल जाता हमारा धरना जारी रहेगा।