मुंबई। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी को कम से कम एक बार सेलुलर जेल में रहना चाहिए। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बार-बार स्वातंत्र्यवीर सावरकर का अपमान कर रहे हैं। आज भी उन्होंने सावरकर का अपमान किया। महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि पूरा देश वीर सावरकर का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर महाराष्ट्र के ही नहीं बल्कि पूरे देश के भगवान हैं। उन्हें तड़पाया गया, काले पानी में कैद कर दिया गया, उन्हें मिट्टी में डाल दिया गया। उन्होंने देश की आजादी के लिए कितना कुछ सहा। राहुल गांधी को कम से कम एक बार सेलुलर जेल में रहना चाहिए, अगर वह आधे घंटे के लिए उस गंदगी में रहें, तो उन्हें पता चलेगा कि सेलुलर जेल की यातनाएं क्या हैं?
शिंदे ने कहा कि कोर्ट ने राहुल गांधी को मोदी साहब के बारे में उनके बयान के लिए सजा दी है। कांग्रेस द्वारा पारित कानून के अनुसार उन्हें दो साल की सजा सुनाई गई। इससे पहले भी कई लोगों को इस तरह की सजा दी जा चुकी है। उस समय किसी ने विरोध नहीं किया। उन्होंने न केवल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अपमान किया है बल्कि पूरे ओबीसी समुदाय का अपमान किया है।
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी को गुजरात की एक अदालत ने मोदी के उपनाम के बारे में गलत व्यक्तव्य देने के लिए दोषी ठहराया। दो साल की जेल की सजा सुनाई। इसके बाद राहुल गांधी की संसद सदस्यता रद्द कर दी गई है। लोकसभा सचिवालय ने इस संबंध में एक अधिसूचना भी जारी की है।