-नियोजन नीति को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र
-दुकानें रहीं बंद, बस नहीं चली
-पुलिस हर जगह रही मुस्तैद
आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड के युवा नियोजन नीति को लेकर एक बार फिर शनिवार को सड़कों पर उतरे। छात्रों ने शनिवार को संथाल परगना प्रमंडल में बंद का आह्वान किया था। दुमका, देवघर, गोड्डा, साहिबगंड समेत संथाल के अन्य जिलों में बंद का असर मिला-जुला रहा। कुछ शहरों में दुकानें थोड़ी-बहुत बंद रहीं, तो कुछ में बंद पूरी तरह सफल रहा। संथाल में सार्वजनिक परिवहन पर भी बंद का असर पड़ा। ज्यादार क्षेत्रों में बस नहीं चलीं। युवाओं ने 60-40 नाय चलतो के नारे लगाये। संथाल परगना बंद का सबसे ज्यादा असर दुमका और साहेबगंज में देखने को मिला। इन जिलों में हजारों की संख्या में छात्र सुबह 6 बजे ही सड़कों पर उतर गये। वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बंद को सफल बनाने में लग गये। गोड्डा और पाकुड़ में भी बंद का असर दिखा, लेकिन देवघर में बंद का असर थोड़ा कम रहा। उधर, बंद को देखते हुए हर जगह पुलिस बल तैनात किये गये थे। कुछ जगहों पर बंद कराने वाले छात्रों को हिरासत में लिया गया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।
दुमका में दिखा सबसे अधिक आक्रोश:
झारखंड की उपराजधानी दुमका में बंद का असर सबसे ज्यादा रहा। नियोजन नीति के खिलाफ सबसे अधिक आक्रोश यहीं देखने को मिला। बस स्टैंड से बसों को नहीं खुलने दिया गया। सडकों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानें बंद रही। युवाओं ने अलग-अलग समुह में शहर के अलग-अलग हिस्सों में मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर बंद को सफल बनाया। छात्रों का कहना है कि अगर 60 / 40 की नियोजन नीति वापस नहीं होती है तो दुमका दौरे के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को काला झंडा दिखाएंगे।
साहिबगंज, गोड्डा और पाकुड में भी असर:
साहिबगंज में भी नियोजन नीति के खिलाफ युवाओं का गुस्सा देखने को मिला। साहेबगंज कॉलेज के पास सुबह छह बजे से ही छात्र बंद के समर्थन में जमा होने लगे थे। क्षेत्र में दुकानें बंद रही और गाड़ियां नहीं चली। छात्रों ने पांच जगह रोड जाम किया। गोड्डा में भी बंद का असर सुबह से ही देखने को मिला। करीब ढाई सौ छात्रों ने कारगिल चौक को सुबह साढ़े सात बजे से ही जाम कर दिया। जिससे गोड्डा-पीरपैंती मुख्य मार्ग अवरुद्ध हो गया। छात्रों का एक गुट गोड्डा कॉलेज से निकला और सभी दुकानें बंद करवाते हुए कारगिल चौक तक पहुंचे। पाकुड़ में भी बंद का काफी असर देखने को मिला। सुबह से ही छात्रों का एक समूह बंद को सफल बनाने के लिए सड़क पर दिखा। पाकुड़ शहर के अलावे लिट्टीपाड़ा, महेशपुर , अमड़ापाड़ा में भी असर देखने को मिला। देवघर में बंद का असर थोड़ा कम देखने को मिला। सुबह टॉवर चौक पर कुछ छात्रों ने प्रदर्शन किया।
पुलिस रही मुस्तैद, कहीं अप्रिय घटना नहीं:
दुमका, देवघर, साहिबगंज, पाकुड़ हर जगह पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रही। छात्रों द्वारा कराये जा रहे बंद पर पुलिस पूरी तरह नजर रख रही थी। कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दुमका, गोड्डा और पाकुड़ में कुछ जगहों पर पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को हिरासत में लिया, जिन्हें बाद में छोड़ दिया गया।