-छत्तीसगढ़ के हॉस्टल में 19 छात्राएं पॉजिटिव
-झारखंड में 37 मामले सक्रिय
आजाद सिपाही संवाददाता
नयी दिल्ली/रांची। देश में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 3038 नये मामले सामने आये हैं। इस दौरान 2069 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं, जबकि नौ मरीजों की मौत हुई है। पिछले एक महीने में नये मामलों में नौ गुना बढ़ोतरी हुई है। 3 मार्च को 334 नये मामले सामने आये थे, जबकि 29 मार्च के बाद से रोजाना तीन हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। 3 मार्च को एक्टिव मरीजों की संख्या 2 हजार 686 थी, जो अब बढ़ कर 21 हजार 179 हो गयी है। यह संख्या अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा है। इससे पहले 23 अक्टूबर को एक्टिव केस 20 हजार 601 थे। झारखंड में सक्रिय मामला 37 पर पहुंच गया है।
गहलोत और वसुंघरा कोरोना ग्रसित:
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा की भी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आयी है। उधर, छत्तीसगढ़ के एक गर्ल्स हॉस्टल में सोमवार को 19 छात्राएं संक्रमित पायी गयी हैं। सभी को क्वारैंटाइन किया गया है। इन छात्राओं के संपर्क में आने वाली दूसरे छात्राओं की भी जांच की जा रही है।
झारखंड में भी बढ़ रहे मामले:
देश में सोमवार को मिले 3038 नये मामले में से 2054 सिर्फ पांच राज्यों में मिले हैं। इनमें केरल सबसे आगे हैं। यहां 964 केस मिले हैं। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में 318, दिल्ली में 293, महाराष्ट्र में 248 और गुजरात में 231 मामले शामिल हैं। झारखंड में भी कोरोना धीरे-धीरे पांव पसार रहा है। झारखंड में पिछले 24 घंटे में पांच नये मरीज सामने आये हैं। इस प्रकार पूरे प्रदेश में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ कर 37 हो गयी है। झारखंड का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। सभी जिलों को टेस्टिंग और ट्रीटमेंट का विशेष निर्देश दिया गया है।
देश में हफ्ते भर में 19 हजार से ज्यादा मरीज बढ़ गये
तारीख नये मरीज
03 अप्रैल 3,038
02 अप्रैल 3,641
01 अप्रैल 3,824
31 मार्च 2,994
30 मार्च 3,095
29 मार्च 3,016