धनबाद। गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे के मुख्यमंत्री को सपरिवार जेल में डलवाने वाले बयान पर नाराज झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) ने कड़ी आलोचना की है। जेएमएम के कार्यकर्ताओं ने धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर सांसद निशिकांत दुबे का पुतला दहन किया।
इस मौके पर जेएमएम के जिला उपाध्यक्ष मन्नू आलम ने कहा कि सांसद निशिकांत दुबे ने भाजपा की एक बैठक में कहा था कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सपरिवार जेल में डलवा देंगे। झारखंड में समय से पहले चुनाव करवा देंगे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने मोदी के बारे में बोला तो उन पर कोर्ट में मामला दर्ज करवा उनकी सदस्यता रद्द करवा दी, लेकिन निशिकांत ने पूरे सोरेन परिवार को जेल भेजने की बात कही है। इसे झारखंड के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। सांसद ने झारखंड के मूलवासियों को गाली देने का काम किया है। इसके लिए जेएमएम सड़क से लेकर संसद तक आंदोलन करेगी। गुरुवार को जेएमएम के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए नगर के रणधीर वर्मा चौक पर सांसद निशिकांत दुबे का पुतला दहन किया। इस दौरान धनबाद जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा के दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।