आजाद सिपाही संवाददाता
देवघर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दीपक प्रकाश के साथ संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने शुक्रवार को झारखंड की सांस्कृतिक आध्यात्मिक राजधानी देवघर में चितौड़िया रोड स्थित थारी दुलमपुर माया पहाड़ के समीप भाजपा के जिला कार्यालय का भूमि पूजन सह शिलान्यास किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता और भूमि पूजन जिलाध्यक्ष और देवघर के विधायक नारायण दास ने की। संचालन जिला महामंत्री पंकज भदौरिया ने और धन्यवाद ज्ञापन अधीर चंद्र भैया ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि देवघर झारखंड की सांस्कृतिक आध्यात्मिक राजधानी है। यह बाबा बैजनाथ की नगरी है। यह देश के सिद्ध संतों-महापुरुषों की भूमि है। ऐसे पावन पवित्र धरती पर भाजपा का जिला कार्यालय राष्ट्रवाद के प्रचार प्रसार का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का गौरव अपने राष्ट्रवादी और अंत्योदय आधारित विचारों, कार्यक्रमों के माध्यम से प्राप्त किया है। इसे मूर्त रूप देने में पार्टी के असंख्य कार्यकर्ताओं का त्याग, बलिदान और समर्पण शामिल है। साथ ही कहा कि कार्यक्रमों के सुचारू संचालन के लिए सुविधा संपन्न कार्यालय आवश्यकता है। इसलिए पार्टी ने सभी जिलों में कार्यालय बनाने का निर्णय लिया है। प्रदेश भाजपा के 27 सांगठनिक जिलों में से 11 जिलों में नवनिर्मित कार्यालय कार्य करने लगे हैं जबकि देवघर सहित आठ जिलों में निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि कार्यालय में कामकाज की आवश्यक सुविधाओं के साथ जिलाध्यक्ष और जिला पदाधिकारियों के बैठने की व्यवस्था, सभाकक्ष और अतिथियों के लिए आवास की सुविधा भी बनायी गयी है। साथ ही कहा कि देवघर जिला कार्यालय देशभर के कार्यकर्ताओं का केंद्र बिंदु बनेगा। यहां देशभर से आने वाले कार्यकर्ताओं की सेवा का अवसर मिलेगा। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि सांगठनिक विस्तार, कार्यकर्ताओं के विकास में विचारों, कार्यक्रमों की तरह कार्यालय का भी महत्व है। उन्होंने कहा कि कार्यालय की गतिविधियां बाहर से आनेवाले कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बनती है। देवघर का जिला कार्यालय संथाल परगना क्षेत्र के कार्यकर्ता निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। जिलाध्यक्ष ने अंगवस्त्र देकर दीपक प्रकाश, कर्मवीर सिंह सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री लुईस मरांडी और विधायक रणधीर सिंह ने भी संबोधित किया।
बाबा बैद्यनाथ मंदिर में की पूजा
वहीं पार्टी कार्यालय के शिलान्यास के पहले दीपक प्रकाश, कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, प्रदेश कोषाध्यक्ष दीपक बंका, विधायक नारायण दास सहित अन्य ने आज बुद्ध पूर्णिमा पर बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना की और राज्य की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।