नई दिल्ली। बिहार की राजधानी पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुई लाठीचार्ज की जांच के लिए गठित कमेटी ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट पार्टीअध्यक्ष जे पी नड्डा को सौंप दी। बुधवार को कमेटी के संयोजक राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने तीन सदस्यों के साथ जे पी नड्डा से मुलाकात कर उन्हें रिपोर्ट दी।
भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने ट्वीट करके कहा कि पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं पर नीतीश सरकार द्वारा प्रायोजित लाठीचार्ज के संदर्भ में गठित की गई भाजपा की जांच समिति ने से घटनाक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट बिहार में व्याप्त जंगलराज, अराजकता और विपक्षी दलों के प्रति राज्य सरकार की क्रूरता एवं असंवेदनशीलता को अनावृत्त करती है। नीतीश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ भाजपा का संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
उल्लेखनीय है कि 14 जुलाई को जे पी नड्डा ने इस समिति का गठन किया जिसमें संयोजक भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास थे। वहीं, दिल्ली भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी, सांसद विष्णु दयाल शर्मा और सुनीता दुग्गल को सदस्य बनाया गया था।