रांची। केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा ने शनिवार को डुमरी विधानसभा क्षेत्र उप चुनाव में एनडीए प्रत्याशी यशोदा देवी के पक्ष में निमियाघाट, ठाकुर चक और रोशना टुंडा ठाकुरबाड़ी में पंचायत के लोगों के साथ जनसंपर्क किया। मुंडा ने प्रचार अभियान में अनेक स्थानों पर जनता को संबोधित भी किया।
मुंडा में कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व में चल रही सरकार से राज्य को बड़ा नुकसान हो रहा है। इस सरकार से जनता को सतर्क और सावधान रहते हुए उप चुनाव में निर्णय लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यह उप चुनाव एक विधानसभा को प्रभावित नहीं करेगा, बल्कि देश और प्रदेश की दिशा और दशा तय करेगा। इसलिए डुमरी से एक नया संदेश देने की जरूरत है। इसके लिए जनता तैयार दिख रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध पर नियंत्रण नहीं। रोज भ्रष्टाचार के नए नए मामले उजागर हो रहे। ऐसे में राज्य का भविष्य अंधकारमय में दिख रहा। राज्य सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया को राज्यहित में हो। केंद्र सरकार झारखंड के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को तैयार है लेकिन राज्य सरकार अवसर का लाभ लेने में विफल साबित हुई।
उन्होंने कहा कि प्रगति के लिए दूरगामी ठोस नीति बनाने और लागू करने की जरूरत है लेकिन राज्य सरकार ने ऐसी कोई पहल नहीं की। हेमंत सरकार निजी स्वार्थ में डूबी है। जन भावनाओं के अनुरूप काम नहीं कर रही है, जिसके परिणाम स्वरूप झारखंड प्रगति के पथ पर पिछड़ रहा है।