आजसू का महाधिवेशन नहीं यह पूरे राज्य का अधिवेशन होगा : सुदेश महतो
केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय जिला, विधानसभा और प्रखंड पदाधिकारियों की बैठक संपन्न
हटिया विधानसभा स्तरीय पंचायत प्रभारी और ग्राम प्रभारी सम्मेलन का हुआ आयोजन
रांची। हम आजसू पार्टी के महाधिवेशन को राज्य का अधिवेशन बनाना चाहते हैं। इसके लिए राज्य के प्रत्येक गांव का प्रतिनिधित्व महाधिवेशन में होगा। प्रदेश के सभी युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों की समस्याओं, विचारों और सुझावों पर मंथन हेतु पार्टी के महाअधिवेशन का आयोजन हो रहा है। यह अधिवेशन आजसू पार्टी के एक लाख पदेन पदाधिकारियों का नहीं, बल्कि झारखंड के सभी सवा तीन करोड़ लोगों का अधिवेशन होगा।
उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने केंद्रीय और प्रदेश स्तरीय जिला, विधानसभा और प्रखंड पदाधिकारियों की बैठक में कहीं। इस बैठक में रांची स्थित मोरहाबादी मैदान में 29, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को महाधिवेशन का आयोजन होना तय हुआ।
सुदेश महतो ने कहा कि इस महाधिवेशन के माध्यम से आजसू पार्टी राज्य की राजनीति में बदलाव की पटकथा लिखेगी। महाधिवेशन में हम राज्य की वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक प्रस्थिति पर विचार-विमर्श करेंगे। अगले वर्ष होने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों की तैयारी और विभिन्न रणनीति पर मंथन भी करेंगे।
महाधिवेशन के बारे में बताते हुए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि पार्टी महाधिवेशन में पार्टी के एक लाख पदेन पदाधिकारी शामिल होंगे और इस आयोजन में राज्य के सभी 32 हजार गांव के प्रतिनिधि शामिल होंगे और राज्य के विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान प्रदान करेंगे। यह मौका है, जब हम पार्टी के संविधान में बदलाव के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर आवश्यकता अनुसार बदलाव कर सकते हैं। महाधिवेशन में पार्टी के भावी कार्यक्रमों के साथ-साथ पूर्व में हुए कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। इस आयोजन के माध्यम से झारखंड के वीर आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जायेगा, साथ ही इस दौरान पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और अन्य सदस्यों का चुनाव होगा।
आज राज्य में फैले भय, भ्रम और भ्रष्टाचार से सभी वर्ग और समुदाय के लोग परेशान हैं। राज्य की जनता को अपने वादों से झूठे सपने दिखा कर सत्ता में काबिज होनेवाली सरकार ने जनता के मत के खिलाफ सिर्फ उन्हें छलने का काम किया।
इस बैठक में पार्टी केंद्रीय समिति सदस्य, सभी विधानसभा प्रभारी, सभी जिलों के प्रभारी, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष, सचिव तथा सभी प्रखंडों के अध्यक्ष, सचिव, नगर अध्यक्ष, नगर सचिव एवं सभी अनुषंगी इकाई के अध्यक्ष, सचिव शामिल हुए।
हटिया विधानसभा स्तरीय पंचायत प्रभारी और ग्राम प्रभारी सम्मेलन संपन्न
रांची स्थित लाल गुटवा बैंक्वेट हॉल में आयोजित हटिया विधानसभा स्तरीय पंचायत प्रभारी और ग्राम प्रभारी सम्मेलन पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज यह राज्य नेतृत्वविहीन है, सरकार की सोच राज्य स्तरीय नहीं है। इनके पास विकास का कोई पैमाना ही नहीं। इस सरकार ने राज्य में अराजकता का माहौल बना दिया है। इसी अराजकता के खिलाफ राज्य की जनता वोट की चोट से इन्हें सत्ता से हटायेगी।